
नई दिल्ली। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच होने वाली वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम ने आलराउंडर मोईन अली का चयन नहीं किया है। टीम से बाहर किये जाने पर मोईन अली ने बड़ा बयान दिया है और आईपीएल में आरसीबी की ओर से खेलने पर ख़ुशी जाहिर की है। मोईन अली ने गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 65 रन की आतिशी पारी खेली थी।
आईपीएल में खेलने से मुझे वनडे का बेहतर खिलाड़ी बनने में मदद मिलेगी
राष्ट्रीय टीम से बाहर किए जाने के बाद मोईन अली ने 34 गेंदों पर 65 रन की शानदार पारी खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को 14 रनों से जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही बेंगलोर ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है। अली का मानना है कि आईपीएल में खेलने से वह वनडे के बेहतर खिलाड़ी बनेंगे और उनके खेल में सुधार होगा। मैच के बाद मोईन ने कहा, ''मैंने वास्तव में अपने खेल पर मेहनत की है। मैं रायल चैलेंजर्स बैंगलोर और इंग्लैंड की तरफ से भविष्य में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तैयार हूँ। उम्मीद है कि आईपीएल में खेलने से मुझे वनडे का बेहतर खिलाड़ी बनने में मदद मिलेगी।
हर खिलाड़ी को करना होगा अच्छा प्रदर्शन
इसके अलावा मोईन ने कहा टीम हर बार विराट या डीविलियर्स पर निर्भर नहीं रह सकती है। इसलिए हर खिलाड़ी को अच्छा प्रदर्शन करना चाहिए ताकि टीम बेहतर कर सके। मैच के बाद कप्तान कोहली ने भी मोईन की जम कर तारीफ की ओर उन्हें एक बेहतरीन खिलाड़ी बताया। बता दें गुरुवार को मोईन की इस पारी कि बदौलत रायल चैलेंजर्स बैंगलोर ने सनराइजर्स हैदराबाद को हरा दिया। इस जीत के साथ बैंगलोर प्लेऑफ की दौड़ में बानी हुई है। हैदराबाद ने टॉस जीतकर बेंगलोर को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। इस सीजन में अभी तक सबसे मजबूत माना जाने वाला हैदरबाद का गेंदबाजी आक्रमण अब्राहम डिविलियर्स (69), मोइन अली (64), कोलिन डी ग्रांडहोम (40) की तूफानी पारियों के सामने बिखर गया और बेंगलोर ने 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 218 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। हैदराबाद ने बेहद संघर्ष किया लेकिन वो पूरे ओवर खेलने के बाद तीन विकेट खोकर 204 रन ही बना सकी।
अब भी है प्लेऑफ में खेलने की उम्मीद
इस जीत के बाद बेंगलोर आठ टीमों की तालिका में पांचवें स्थान पर आ गई है। उसके 13 मैचों में 12 अंक हैं। मुंबई और राजस्थान रॉयल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के भी 12-12 अंक हैं। प्लेऑफ में जाने के लिए बेंगलोर को राजस्थान के खिलाफ शनिवार को होने वाला मैच हर हाल में जीतने के अलावा दूसरी टीमों के हारने की भी दुआ करनी होगी।