
RCB के इस खिलाड़ी को IPL ने लगाई फटकार, किया आचार सहिता का उल्लंघन
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के गेंदबाज टिम साउथी को आईपीएल की आचार सहिता के उल्लंघन के लिए फटकार लगाई गई है। आईपीएल मीडिया की ओर से शुक्रवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए इसकी जानकारी दी गई। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में गुरुवार रात सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए आईपीएल के 11वें संस्करण के 51वें मैच के दौरान साउथी को आचार सहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया।
साउथी को फटकार
विज्ञप्ति में कहा गया, "साउथी को खिलाड़ियों के लिए जारी नियमों के तहत 2.1.8 के लेवल-1 नियम का दोषी पाया गया है। उनकी टीम के अधिकारियों ने इसे मंजूर कर लिया है।" इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने सनराइजर्स हैदराबाद को 14 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही बेंगलोर ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है।
डिविलियर्स की तूफानी पारी से जीता बेंगलोर
हैदराबाद ने टॉस जीतकर बेंगलोर को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। इस सीजन में अभी तक सबसे मजबूत माना जाने वाला हैदरबाद का गेंदबाजी आक्रमण अब्राहम डिविलियर्स (69), मोइन अली (64), कोलिन डी ग्रांडहोम (40) की तूफानी पारियों के सामने बिखर गया और बेंगलोर ने 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 218 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। हैदराबाद ने बेहद संघर्ष किया लेकिन वो पूरे ओवर खेलने के बाद तीन विकेट खोकर 204 रन ही बना सकी।
आखिरी मैच हर हाल में जीतना होगा
इस जीत के बाद बेंगलोर आठ टीमों की तालिका में पांचवें स्थान पर आ गई है। उसके 13 मैचों में 12 अंक हैं। मुंबई और राजस्थान रॉयल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के भी 12-12 अंक हैं। प्लेऑफ में जाने के लिए बेंगलोर को राजस्थान के खिलाफ शनिवार को होने वाला मैच हर हाल में जीतने के अलावा दूसरी टीमों के हारने की भी दुआ करनी होगी।
Published on:
18 May 2018, 2:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.