क्रिकेट

IRE vs IND: आयरलैंड के खिलाफ कौन करेगा ओपनिंग? वैभव सूर्यवंशी सहित टीम में शामिल हैं 4 सलामी बल्लेबाज

IRE vs IND T20 Series 2026: भारतीय टीम आयरलैंड दौरे पर 2 टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी लेकिन टीम में 4 सलामी बल्लेबाज शामिल हैं। ऐसे में सवाल है कि कौन से दो बल्लेबाज ओपनिंग करते नजर आएंगे।

2 min read
Jun 23, 2026
team india
भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो-IANS)

Ireland vs India T20 Series: भारत और आयरलैंड के बीच 2 मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत 26 जून हो होगी, जिसका दूसरा और आखिरी मुकाबला 28 जून को खेला जाएगा। इस सीरीज के लिए दोनों टीमों ने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया और दोनों टीमों में खास बात ये है कि दोनों का कप्तान बदल दिया गया है। टीम इंडिया की कप्तान श्रेयस अय्यर संभालेंगे, जो पिछले 3 साल से टी20 फॉर्मेट से गायब थे। अब पहली ही सीरीज में श्रेयस की सबसे बड़ी सिरदर्दी होगी ओपनिंग के लिए बल्लेबाजों का सेलेक्शन।

सूर्यवंशी के आने से टीम में हुए 4 ओपनर

आयरलैंड दौरे पर खेली जाने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में 4 ओपनर्स को जगह दी गई है। अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी सलामी बल्लेबाज के तौर पर भारतीय टीम के साथ गए हैं। इससे पहले भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्डकप 2026 में हिस्सा लिया था, जहां वैभव सूर्यवंशी को छोड़कर तीनों बल्लेबाज खेले थे और तीनों ने अलग अलग मैच में ओपनिंग की थी। उस टूर्नामेंट में अभिषेक-संजू की जोड़ी भी ओपनिंग करने उतरी और अभिषेक-ईशान की थी। यही नहीं एक मैच में ईशान और संजू ने भी ओपनिंग की।

सूर्यवंशी का ओपनिंग करना तय

ऐसे में सवाल है कि टीम में एक और ओपनर के आ जाने से किस किस को मौका मिलने वाला है। जिस तरह से आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने बल्लेबाजी की है। उसे देखते हुए सूर्यवंशी का दोनों मैच खेलना तय माना जा रहा है। ऐसे में दूसरे ओपनिंग स्थान के लिए संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के बीच रेस रहेगी। इसमें भी संजू सैमसन का ओपनिंग के लिए दावा सबसे ज्यादा मजबूत हैं, क्योंकि उन्होंने टी20 वर्ल्डकप 2026 के नॉकआउट्स मैचों को अकेले दम पर जिताया था।

टी20 वर्ल्डकप में जब संजू और अभिषेक ओपनिंग कर रहे थे, तब ईशान किशन वन डाउन पर बल्लेबाजी करने आ रहे थे। इस सीरीज में भी ईशान यही भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं। अब बचे संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा, तो हो सकता है दोनों मैचों में वैभव सूर्यवंशी के साथ संजू और अभिषेक को एक एक मैच में ओपनिंग का मौका मिले। हालांकि ये भी हो सकता है कि अभिषेक दोनों मैचों में बाहर बैठे और वैभव सूर्यवंशी के साथ संजू सैमसन ओपनिग करते नजर आएं।

आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम

संजू सैमसन, ईशान किशान, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नितीश रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और प्रसिद्ध कृष्णा।

Published on:
23 Jun 2026 07:19 am