क्रिकेट

Ishan Kishan आज मैदान पर उतरते ही IPL में रचेंगे इतिहास, बनेंगे ये कारनामा करने वाले पहले भारतीय

Ishan Kishan IPL records: IPL 2026 का पहला मैच आज शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद और मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। इस मैच में ईशान किशन एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले हैं।
2 min read
Mar 28, 2026
Ishan Kishan IPL record
सनराइजर्स हैदराबाद के कार्यवाहक कप्‍तान ईशान किशन। (Photo ANI)

Ishan Kishan IPL records: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का पहला मैच आज शनिवार 28 मार्च को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाना। एसआरएच के लिए पिछला सीजन काफी निराशाजनक रहा था, जिसमें टीम पॉइंट्स टेबल पर छठे स्थान पर रही थी। इस बार टीम अपने नियमित कप्तान पैट कमिंस के बगैर अपने अभियान का आगाज करेगी। कमिंस की गैरमौजूदगी में युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन सनराजर्स की अगुवाई करेंगे, जो आज मैदान पर उतरते ही इतिहास रचेंगे।

किशन बनेंगे एसआरएच के सबसे कम उम्र के भारतीय कप्‍तान

ईशान किशन जब इस मैच में कप्‍तानी करने उतरेंगे तो वह 27 साल और 253 दिन की उम्र के होंगे। इस तरह वह सनराइजर्स हैदराबाद के आईपीएल इतिहास में कप्तानी करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय कप्तान बन जाएंगे। वह इस फ्रेंचाइजी की कप्तानी करने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के कप्तान होंगे। उनसे पहले न्यूजीलैंड के केन विलियमसन ने यह रिकॉर्ड बनाया था। जब उन्होंने 2018 सीजन में एसआरएच की कप्तानी की थी, तब उनकी उम्र 27 साल और 244 दिन थी।

दूसरे हाफ में होगी कमिंस की वापसी

बता दें कि शिखर धवन, मनीष पांडे और भुवनेश्वर कुमार उन अन्य भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने इससे पहले आईपीएल में सनराइजर्स की कप्तानी की है। एसआरएच के नियमित कप्‍तान पैट कमिंस हैं, जो पीठ की चोट से जूझ रहे हैं। उम्‍मीद है कि वह टूर्नामेंट के दूसरी हाफ में वापसी कर सकते हैं।

कोच डेनियल विटोरी ने जताया भरोसा

सनराइजर्स हैदराबाद के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने ईशान किशन को स्टैंड-इन कप्तान नियुक्त करने के टीम के फैसले पर भरोसा जताते हुए कहा कि मैनेजमेंट को उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपने में जरा भी हिचकिचाहट नहीं हुई, क्योंकि उन्होंने खुद को एक आत्मविश्वास से भरा खिलाड़ी और एक बेहतरीन लीडर साबित किया है।

मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में विटोरी ने कहा कि मुझे लगता है कि ईशान काफी लंबे समय से आईपीएल का हिस्सा रहे हैं। वह कई टीमों के साथ खेल चुके हैं और काफी सफल भी रहे हैं, इसलिए वह अपने साथ एक अलग ही आत्मविश्वास लेकर आते हैं। उन्होंने अंडर 19 टीम और अपनी राज्य टीम की कप्तानी की है और इस साल उनकी टीम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी भी जीती है।

Published on:
28 Mar 2026 01:47 pm