क्रिकेट

FIFA 2026: मिस्र के खिलाफ मुक़ाबला ड्रा होने के बाद फीफा पर भड़के ईरान के कप्तान, कहा – यह वर्ल्ड कप डिजास्टर है

मैच के बाद तारेमी ने खुलकर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “ये डिजास्टर वर्ल्ड कप है… पूरा डिजास्टर। फीफा को यहां हर समस्या सुलझानी चाहिए थी, लेकिन शुरुआत से ही वो कुछ नहीं कर पाए।”
2 min read
• •
Jun 27, 2026
Iran FIFA
ईरान को विश्व कप शुरू होने से पहले से ही कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। (Photo - FIFA)

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप जी मुकाबले में मिस्र और ईरान के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। इस नतीजे के साथ ही मिस्र ने विश्व कप के इतिहास में पहली बार राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह बना ली है। ग्रुप जी में मिस्र दूसरा स्थान हासिल करने में सफल रहा, जबकि ईरान तीसरे स्थान पर है। हालांकि, ईरान की नॉकआउट स्टेज में पहुंचने की उम्मीदें अभी खत्म नहीं हुई हैं। तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ 8 टीमें राउंड ऑफ 32 में पहुंच सकती हैं और इस लिस्ट में ईरान अभी छठे नंबर पर काबिज है।

ईरान की परेशानियां

मेहदी तारेमी की कप्तानी वाली ईरान को विश्व कप शुरू होने से पहले से ही कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अमेरिका-ईरान तनाव के चलते अमेरिकी सरकार ने उन्हें अपने देश में बेस कैंप बनाने की अनुमति नहीं दी। नतीजतन, ईरान की टीम को एरिजोना के टक्सन की जगह मैक्सिको के तिजुआना में रहना पड़ रहा है। मैच खेलने के लिए उन्हें अमेरिका जाना पड़ता है और मैच खत्म होते ही उसी रात तिजुआना लौटना पड़ता है।

तारेमी का गुस्सा फूटा

मैच के बाद तारेमी ने खुलकर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “ये डिजास्टर वर्ल्ड कप है… पूरा डिजास्टर। फीफा को यहां हर समस्या सुलझानी चाहिए थी, लेकिन शुरुआत से ही वो कुछ नहीं कर पाए।” तारेमी ने बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच के बाद फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो उनके ड्रेसिंग रूम आए और बोले, “ये तो शुरुआत है…” लेकिन अब ग्रुप स्टेज लगभग खत्म होने वाला है।

उन्होंने आगे कहा, “हमारे पास यहां अपना लोगिस्टिक स्टाफ भी नहीं है, क्योंकि उन्हें वीजा नहीं मिला। हर बार तिजुआना से लंबी यात्रा करनी पड़ती है। हम तिजुआना और मैक्सिको के लोगों से बहुत प्यार करते हैं, वो बहुत अच्छे हैं। लेकिन प्रोफेशनल खिलाड़ी के तौर पर ये बिल्कुल सही नहीं है। ये फेयर नहीं है।”

कप्तान ने कहा, “90 मिनट मैच खेलने के बाद तुरंत लंबी यात्रा करना बेहद मुश्किल है। हम यहां हर चीज से लड़ रहे हैं। हमारे पास रिकवरी स्टाफ नहीं है, न ही कोई हमारी शिकायतें सुनने को तैयार है। अगर हमें बाहर करना ही था तो सीधे कह देते।”

मिस्र के खिलाफ इस ड्रा के साथ ईरान ग्रुप जी में तीसरे स्थान पर है। उनका आगे बढ़ना अब अन्य मैचों के नतीजों पर निर्भर कर रहा है। अगर अल्जीरिया और ऑस्ट्रेलिया का मैच ड्रा रहता है और कुछ अन्य नतीजे उनके खिलाफ जाते हैं, तो ईरान विश्व कप से बाहर हो सकता है।

बता दें कि विश्व कप शुरू होने से महज 10 दिन पहले ईरान को वीजा मिला था। हर मैच के बाद उन्हें तुरंत अमेरिका छोड़ना पड़ता है। पहले मैच (न्यूजीलैंड) और दूसरे मैच (बेल्जियम) के बाद भी यही हुआ। इन्फेंटिनो पहले मैच के बाद ड्रेसिंग रूम आए थे और टीम से कहा था, “मैं जानता हूं तुम लोग क्या गुजर रहे हो। तुम सब कुछ से ज्यादा मजबूत हो और पूरी दुनिया को मजबूत संदेश दे रहे हो।”

Updated on:
27 Jun 2026 06:26 pm
Published on:
27 Jun 2026 06:25 pm