
फ्रांसीसी टीम (Photo - FIFA)
FIFA World Cup 2026 Match Results: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप I में धमाकेदार मुकाबले देखने को मिले हैं। फ्रांस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नॉर्वे को एकतरफा मैच में धूल चटा दी, वहीं सेनेगल ने भी एक ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया है। कोच डिडिएर डेसचैम्प्स की मां के निधन के बाद फीफा ने ब्लैक आर्मबैंड पहनने की अनुमति नहीं दी, फिर भी टीम ने बड़ी जीत दर्ज की।
बोस्टन के फॉक्सबोरो स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में फ्रांस ने नॉर्वे को 4-1 से करारी शिकस्त दी। फ्रांस के स्टार खिलाड़ी ओस्मान डेम्बेले इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे, जिन्होंने पहले हाफ में सिर्फ 32 मिनट के अंदर एक शानदार हैट्रिक गोल दागकर मैच को एकतरफा कर दिया। नॉर्वे की तरफ से थेलो आसगार्ड ही एकमात्र गोल कर सके।
इस मैच में नॉर्वे को अपने स्टार खिलाड़ी एर्लिंग हालैंड और मार्टिन ओडेगार्ड को बेंच पर बैठाने का बड़ा नुकसान हुआ। दूसरे हाफ में नॉर्वे को एक पेनल्टी भी मिली, लेकिन हालैंड की गैरमौजूदगी में लार्सन इस मौके को चूक गए और फ्रांस के गोलकीपर माइक मोगनैन ने बेहतरीन बचाव किया। मैच के आखिरी पलों में डेज़िरे डौए ने गोल करके फ्रांस की 4-1 से जीत पक्की कर दी। इस जीत के साथ फ्रांस 3 मैचों में 3 जीत के साथ ग्रुप में टॉप पर रहकर राउंड ऑफ 32 में पहुंच गया है, वहीं हार के बावजूद नॉर्वे भी क्वालीफाई करने में सफल रहा।
इस बड़ी जीत के बीच फ्रांसीसी टीम एक भावुक पल से भी गुजर रही थी। दरअसल, मैच से ठीक पहले फ्रांस के हेड कोच डिडिएर डेसचैम्प्स की मां का निधन हो गया था, जिसके चलते वह इस मैच में टीम के साथ नहीं थे। उनकी जगह सहायक कोच गाय स्टीफन ने जिम्मेदारी संभाली। फ्रांस की टीम अपने कोच के सम्मान में काली पट्टी (ब्लैक आर्मबैंड) बांधकर उतरना चाहती थी, लेकिन फीफा ने इसकी मंजूरी नहीं दी क्योंकि उस वक्त वेनेजुएला भूकंप पीड़ितों के लिए पहले से ही श्रद्धांजलि तय थी।
इसी ग्रुप के दूसरे मैच में सेनेगल ने टोरंटो स्टेडियम में इराक को 5-0 से रौंदकर इतिहास रच दिया। यह वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी अफ्रीकी देश की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। मैच के 13वें मिनट में इराक के रेबिन सुलाका को रेड कार्ड मिला, जिसके बाद इराक की टीम 10 खिलाड़ियों पर सिमट गई और मैच से पूरी तरह बाहर हो गई। सेनेगल के लिए पापे गुए ने दो जबरदस्त गोल किए, जबकि इस्माइला सार और इलीमान एनडीआई ने भी गोल दागे।
इस धमाकेदार जीत से सेनेगल ने बेस्ट थर्ड-प्लेस टीमों की रेस में खुद को बनाए रखा है और उनकी राउंड ऑफ 32 में जाने की उम्मीदें जिंदा हैं, जबकि इराक टूर्नामेंट से बाहर हो गया है।
Updated on:
27 Jun 2026 12:40 pm
Published on:
27 Jun 2026 12:40 pm
