
Jacob Bethell ruled out of The Hundred: भारत के खिलाफ तीसरे और निर्णायक वनडे में बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन करने वाले इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी जैकब बेथेल चोट के चलते द हंड्रेड से बाहर हो गए हैं। बताया जा रहा है कि उनके दाहिने घुटने में चोट लगी है। यह चोट उन्हें भारत के खिलाफ मैच के दौरान ही लगी थी। चोट के एमआरआई स्कैन के बाद उन्हें बाहर करने का फैसला लिया गया है। इंग्लैंड की टीम अगले माह 19 अगस्त से पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के तहत तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। अब उनके इस अहम सीरीज में खेलने पर भी संशय है।
दरअसल, मेंस द हंड्रेड के पहले प्लेयर ऑक्शन से पूर्व बर्मिंघम फीनिक्स ने जैकब बेथेल को ग्रेट ब्रिटेन पाउंड (GBP) 340,000 (करीब 4.40 करोड़ रुपये) में रिटेन किया था। सीजन से पहले ही फैंचाइजी ने उन्हें टीम का कप्तान भी घोषित कर दिया था। लेकिन, उन्हें भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान दाएं घुटने में चोट लग गई।
हाल ही में उनका एमआरआई स्कैन हुआ। चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें द हंड्रेड से बाहर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि वह जल्द ही अपना रिहैबिलिटेशन शुरू करेंगे। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि वह कब तक फिट होकर मैदान पर वापसी करते हैं, क्योंकि अगले महीने से इंग्लैंड की टीम पाकिस्तान के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज खेलेगी।
जैकब बेथेल ने भारत के खिलाफ पहले वनडे में 14 रन और दूसरे में चार रन की पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने तीसरे और निर्णायक मुकाबले में 93 गेंदों पर 11 चौकों और दो छक्कों की मदद से 91 रनों की पारी खेली थी, जिसमें वह शतक से चूक गए थे। इसी मैच में उन्होंने गेंद से भी कमाल का प्रदर्शन किया था।
उन्होंने 7 ओवर में 49 रन देकर जबरदस्त बल्लेबाजी कर रहे रोहित शर्मा को 138 के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया था। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से भी नवाजा गया था।