क्रिकेट

‘PCB पर अब भी मेरे हजारों डॉलर बकाया’, करीब दो साल बाद पूर्व पाकिस्तानी कोच जेसन गिलेस्पी का छलका दर्द

Jason Gillespie PCB Payment Dispute: जेसन गिलेस्पी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर हजारों डॉलर का बकाया भुगतान न करने का दावा किया है। पूर्व कोच ने बोर्ड के प्रबंधन और फैसले लेने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।
2 min read
Sep 08, 2026
Jason Gillespie on PCB
जेसन गिलेस्पी (Photo- IANS)

Jason Gillespie PCB Dues: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खराब प्रदर्शन और टीम में किए गए बदलावों की वजह से पाकिस्तान क्रिकेट टीम एक बार फिर चर्चा में है। कई दिग्गज क्रिकेटरों की तरह पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कोच जेसन गिलेस्पी ने भी इस पर टिप्पणी की है। हालांकि, उनकी टिप्पणी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को नागवार गुजर सकती है। दरअसल, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने पाकिस्तान क्रिकेट के प्रबंधन के तरीके की कड़ी आलोचना की है। साथ ही, उन्होंने बोर्ड के भीतर निर्णय लेने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। इस दौरान उन्होंने यह भी दावा किया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उनके हजारों डॉलर के बकाये का भुगतान नहीं किया है, जबकि राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच पद से उनके हटने को करीब दो साल होने वाले हैं।

क्या बोले जेसन गिलेस्पी?

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी ने दावा किया कि PCB पर अब भी उनके हजारों डॉलर बकाया हैं। उन्होंने कहा कि वह कभी भी हां में हां मिलाने वाले व्यक्ति नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मैं अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करने वाला था। मैंने अपने पूरे करियर में ऐसा कभी नहीं किया और निश्चित रूप से अब इसे बदलने वाला भी नहीं था।'

अपने कार्यकाल के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के रवैये पर सवाल उठाते हुए जेसन गिलेस्पी ने कहा कि वह चुप रह सकते थे और अपने आसपास लिए जा रहे फैसलों को स्वीकार कर सकते थे, लेकिन उनका स्वभाव ऐसा नहीं है। ऑस्ट्रेलियाई कोच ने यह भी दावा किया कि अपने कार्यकाल के अंतिम दौर में उन्हें पहले से ही महसूस होने लगा था कि उनकी स्थिति लगातार अनिश्चित होती जा रही है।

क्या है PCB का पक्ष?

जेसन गिलेस्पी की ताजा टिप्पणियों से दिसंबर 2024 में उनके इस्तीफे के बाद सामने आए वित्तीय विवाद की एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। अप्रैल 2025 में आई रिपोर्टों के अनुसार, गिलेस्पी का मानना था कि PCB पर उनका पैसा बकाया है, जबकि बोर्ड का कहना था कि उन्होंने आवश्यक नोटिस अवधि पूरी किए बिना इस्तीफा देकर अपने अनुबंध का उल्लंघन किया था।

आपको बता दें कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने जेसन गिलेस्पी को 2024 में टेस्ट टीम के मुख्य कोच के रूप में नियुक्त किया था। उन्होंने अप्रैल से दिसंबर 2024 तक टीम के कोच के रूप में काम किया था।

Updated on:
08 Sept 2026 03:02 pm
Published on:
08 Sept 2026 03:02 pm