
Javagal Srinath in Metro: 90 के दशक में अकेले भारतीय टीम के तेज गेंदबाजी विभाग की कमान संभालने वाले जवागल श्रीनाथ को उनकी सादगी और बेबाक बयानों के लिए जाना जाता है। भारत के महान तेज गेंदबाज रहे जवागल ने हाल ही में भारत की जनता को एक ऐसा संदेश दिया, जिसने सभी को अपना मुरीद बना लिया है। वह हाल ही में आम यात्री की तरह मेट्रो में सफर करते नजर आए हैं। सोशल मीडिया पर उनकी मेट्रो में सफर करने की तस्वीरें खूब वायरल हो रहे हैं। लोग इन फोटो पर जमकर कमेंट कर रहे हैं।
दरअसल, भारत के सबसे अच्छे तेज गेंदबाज़ों में से एक रहे जवागल श्रीनाथ को हाल ही में एक आम यात्री की तरह मेट्रो में सफर करते देखा गया। फोटो को देखकर समझा जा सकता है कि वह एयरपोर्ट लाइन की मेट्रो में एक कौने में खड़े होकर सफर कर रहे हैं। उनकी इस तस्वीर को भारत बेस नामक एक इंस्टा अकाउंट से पोस्ट किया गया है।
एक यूजर ने अपने कमेंट में लिखा, 'शानदार, वह अपने क्रिकेट के दिनों से ही एक जेंटलमैन हैं, मैंने उन्हें करीब से फॉलो किया है और कभी उनके नखरे नहीं देखे। मैदान पर या मैदान के बाहर कभी उनके घमंडी बर्ताव के बारे में नहीं सुना। बहुत बढ़िया दूसरों के लिए एक बेहतरीन उदाहरण। वहीं, एक अन्य ने लिखा, 'जवागल श्रीनाथ वह असल में बहुत ही जमीन से जुड़े इंसान हैं। जबकि एक अन्य यूजर ने लिखा ये होती है महानता।
जवागल श्रीनाथ के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने 18 अक्टूबर 1991 को पाकिस्तान के खिलाफ शारजाह में वनडे डेब्यू किया था। उन्होंने अपने वनडे करियर में कुल 229 मैच खेले, जिनमें उन्होंने 28.09 के औसत से कुल 315 विकेट अपने नाम किए। जवागल ने वनडे में सात बार चार और तीन बार पांच विकेट हॉल भी लिए। उनका सर्वश्रेष्ट वनडे प्रदर्शन 5/23 रहा। वहीं, उन्होंने अपना टेस्ट डेब्यू 29 नवंबर 1991 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा में किया था। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में कुल 67 मैचों की 121 पारियों में 30.49 के औसत से 236 विकेट चटकाए। अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 8 बार चार विकेट हॉल और 10 बार पांच विकेट हॉल लिया। टेस्ट में उनका बेस्ट 13/132 रहा।