क्रिकेट

England New Captain: कौन होगा इंग्लैंड का नया कप्तान? हैरी ब्रूक या ओली पोप नहीं, इस दिग्गज को मिलेगी कमान

ईसीबी एक बार फिर से टीम के पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को इंग्लैंड टेस्ट टीम का कप्तान बना सकती है। बता दें कि रूट के 2022 में टेस्ट टीम की कमान छोड़ने के बाद ही स्टोक्स को कप्तान बनाया गया था।
2 min read
Jul 25, 2026
England plan for ODI World Cup 2027
इंग्‍लैंड की टीम। (फाइल फोटो सोर्स: IANS)

England New Captain: न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद बेन स्टोक्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। स्टोक्स के संन्यास के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) को टेस्ट टीम के लिए नए कप्तान की तलाश थी। ईसीबी की ये तलाश जो रूट खत्म करने वाले हैं।

जो रूट फिर बनेगे इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान

एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईसीबी एक बार फिर से टीम के पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को इंग्लैंड टेस्ट टीम का कप्तान बना सकती है। बता दें कि रूट के 2022 में टेस्ट टीम की कमान छोड़ने के बाद ही स्टोक्स को कप्तान बनाया गया था। वक्त का पहिया एक बार फिर से घूमता हुआ दिख रहा है और इस बार स्टोक्स के संन्यास की वजह से रूट दोबारा कप्तान बनने को तैयार दिख रहे हैं।

ECB जल्द करेगा ऐलान

रूट को अगले महिला पाकिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया जा सकता है। द एथलेटिक के मुताबिक, रूट के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज 2027 तक कप्तान बने रहने की संभावना है। रूट ने स्टोक्स की गैरमौजूगी में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड की कप्तानी की थी। रूट पूर्व में 2017 से 2022 के बीच 64 टेस्ट मैचों में इंग्लैंड की कप्तानी की थी, जिसमें 27 मैचों में टीम को जीत मिली थी।

ईसीबी के इस कदम से मौजूदा टेस्ट उप-कप्तान हैरी ब्रूक को तीनों फॉर्मेट की जिम्मेदारी लेने के बजाय इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीमों पर बतौर कप्तान फोकस करने का मौका मिलेगा। ब्रूक, रूट के साथ टेस्ट टीम में उपकप्तान की भूमिका निभाते हुए थोड़ा अनुभव भी हासिल कर लेंगे। ईसीबी पहले ही ब्रूक को वनडे और टी20 का कप्तान और टेस्ट का उपकप्तान बना चुकी है। ईसीबी टेस्ट फॉर्मेट के कप्तान के साथ ही मुख्य कोच के पद के लिए भी योग्य व्यक्ति के तलाश में है। इंग्लैंड टेस्ट टीम के हेड कोच का पद ब्रेंडन मैकुलम के इस्तीफे के बाद से खाली है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज और मौजूदा बैटिंग कोच मार्कस ट्रेस्कोथिक 19 अगस्त से शुरू होने वाली पाकिस्तान सीरीज के लिए अंतरिम हेड कोच की भूमिका निभाने के लिए सबसे आगे चल रहे हैं। हालांकि, ईसीबी तब तक पूर्णकालिक कोच नियुक्त कर सकती है, लेकिन ट्रेस्कोथिक पाकिस्तान के खिलाफ अंतरिम कोच का चार्ज लेने के लिए सबसे आगे हैं।

Updated on:
25 Jul 2026 05:46 pm
Published on:
25 Jul 2026 05:46 pm