
नई दिल्ली। आईपीएल के 47वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट के अंतर से करारी शिकस्त दी। इस मैच में राजस्थान की ओर से सलामी बल्लेबाज जोस बटलर ने 94 रनों की आक्रामक पारी खेली। जिसके दम पर राजस्थान ने 18 ओवर में तीन विकेट खोकर 169 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। बटलर को बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। अपने घरेलू मैच में मिली हार के बाद अब मुंबई के प्ले ऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा है।
बटलर ने बनाए कई रिकॉर्ड -
इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करने वाले राजस्थान रॉयल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने एक साथ कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। बटलर ने इस मैच में भारतीय दिग्गज और आईपीएल में आरसीबी की टीम के कप्तान विराट कोहली के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। साथ ही पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के 6 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
तोड़ा विराट कोहली का कीर्तिमान-
बटलर ने आईपीएल में लगातार पांच मैचों में अर्धशतकीय पारी खेली। बेहतरीन फॉर्म में चल रहे बटलर ने इस बल्लेबाजी औसत के आधार पर विराट कोहली ने साल 2016 में बनाए रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। आपको बता दें कि साल 2016 में विराट ने चार लगातार मैचों में अर्धशतकीय पारी खेली थी। अब बटलर उनसे आगे निकल गए।
सहवाग के रिकॉर्ड पर खतरा-
लगातार पांच मैचों में पांच अर्धशतक लगाने के बाद अब बटलर सहवाग के 6 साल पुराने आईपीएल रिकॉर्ड को तोड़ने के काफी करीब आ गए है। आपको बता दें कि आज के मैच से पहले सहवाग के नाम पर लगातार मैचों में सर्वाधिक अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड था। वीरू ने पांच मैचों में लगातार अर्धशतक लगाए थे। अब बटलर ने उस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। यदि वे अगले मैच में भी अपने इसी फॉर्म को बनाए रखते है तो वीरू के रिकॉर्ड का टूटना तय माना जा रहा है।
बटलर की पिछली पांच पारियां-
राजस्थान की ओर से बटलर ने इस सीजन की पिछली पांच पारियों में अर्धशतक लगाया है। बटलर ने दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 67, किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 51 व 82 रन और पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ नाबाद 95 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी। आज मुंबई के खिलाफ 94 रनों की पारी खेलने के साथ के बटलर ने पांच लगातार अर्धशतक पूरे कर लिए।