क्रिकेट

‘ये कैसा स्पिनर है, जिसकी सिर्फ बॉडी टर्न होती है गेंद नहीं’, दिग्गज क्रिकेटर ने की रवि बिश्नोई को टीम से निकालने की मांग

एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ महंगे साबित हुए रवि बिश्नोई पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने जमकर निशाना साधा। श्रीकांत ने बिश्नोई की गेंदबाजी और उनके प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए उन्हें टीम से बाहर करने की बात कही।
2 min read
• •
Oct 05, 2026
Ravi Bishnoi
रवि बिश्नोई (फोटो- IANS)

K Srikkanth on Ravi Bishoni: एशियन गेम्स 2026 मेंस क्रिकेट के गोल्ड मेडल मैच में पूरी तरह लय से भटके नजर आए रवि बिश्नोई की जमकर आलोचना हो रही है। जब पाकिस्तान की टीम 212 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी और टीम इंडिया के गेंदबाजों को रन बचने की जरूरत थी, तब रवि बिश्नोई ने सिर्फ 3 ओवर में 44 रन लुटा दिए। हालांकि टीम इंडिया ने ये मुकाबला 19 रन से जीत लिया लेकिन टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने उनकी जमकर आलोचना की है। उन्होंने कहा कि ये कैसा स्पिनर है, जिसकी सिर्फ बॉडी टर्न होती है, गेंद कभी नहीं टर्न होती है।

आखिरी ओवर तक चला था मैच का रोमांच

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 211 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 61 रन की पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा 51 रन बनाकर नाबाद रहे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम के लिए हसन नवाज ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 7 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 96 रन बनाए। हालांकि, पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी और उसे 19 रन से हार का सामना करना पड़ा।

महंगे साबित हुए रवि बिश्नोई

इस दौरान रवि बिश्नोई को छोड़कर टीम इंडिया के मुख्य गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा। जसप्रीत बुमराह, वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल ने लगभग 8 रन प्रति ओवर खर्च किए लेकिन रवि का इकॉनमी रेट 14.70 का रहा। श्रीकांत ने बिश्नोई की गेंदबाजी की आलोचना करते हुए उनके गेंदबाजी एक्शन पर भी मजाकिया अंदाज में निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिश्नोई के मामले में सिर्फ उनका शरीर घूमता है, गेंद नहीं।

श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "अगर वह टर्निंग विकेट पर गेंद को टर्न नहीं करा सकते तो वह किस तरह के स्पिनर हैं? रवि बिश्नोई का सिर्फ शरीर घूमता है, गेंद कभी नहीं घूमती। वह एकमात्र ऐसे गेंदबाज हैं, जो रैंक टर्नर पर लेग स्पिनर होने के बावजूद गेंद को टर्न नहीं करा पाते। उन्होंने गेंद को एक इंच भी टर्न नहीं कराया। यह भी एक कला है।"

टीम से बाहर करने की मांग

श्रीकांत ने कहा कि किसी भी क्रिकेटर को लगातार हाइप करने पर एक मैच में अच्छा प्रदर्शन मिल सकता है और फिर कहा जाता है कि वह फॉर्म में लौट आया है, जबकि अगले 10 मैचों में वह फिर विफल हो सकता है। श्रीकांत ने कहा, "लेग स्पिनर को सबसे पहले गेंद को टर्न कराना चाहिए। पाकिस्तान के सामान्य स्पिनर भी गेंद को टर्न करा रहे थे। यहां तक कि अभिषेक शर्मा भी गेंद को स्पिन करा रहे थे। जब बिश्नोई गेंदबाजी कर रहे थे, तब पाकिस्तान को वास्तव में विश्वास था कि वह मैच जीत सकता है। भारतीय उनसे डरते हैं, पाकिस्तान के बल्लेबाज उनसे नहीं। टर्निंग विकेट पर उनके अलावा कोई भी 14 रन प्रति ओवर नहीं दे सकता। उन्हें टीम से बाहर होना चाहिए।"

Updated on:
05 Oct 2026 07:38 am
Published on:
05 Oct 2026 07:24 am