
कोलकाता। इंडियन प्रीमियर लीग की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। सभी फ्रेंचाइजियां अपना पूरा दम लगाने के लिए अभ्यास में जुट चुकी है। ऐसे में दो बार की चैंपियन रही कोलकाता नाइट राइडर्स ने सोमवार को अपने पहले अभ्यास सत्र में भाग लिया। कोलकाता के खिलाड़ी कप्तान दिनेश कार्तिक के बिना जाधवपुर यूर्निवर्सिटी कैम्पस ग्राउंड पर अभ्यास कर रही है। कप्तान दिनेश कार्तिक बीते दिन निदहास ट्रॉफी के फाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई आठ गेंदों में 28 रनों की पारी के दम पर चर्चा में हैं। कार्तिक की इसी पारी के दम पर भारत ने बांग्लादेश के मुंह से जीत छीनते हुए खिताब अपने नाम किया।
महीने के अंत में टीम से जुड़ेंग कार्तिक -
दिनेश कार्तिक इसी महीने के अंत में तक टीम के साथ जुड़ेंगे। उनके अलावा टीम के कोच जैक कालिस भी अभी टीम के साथ नहीं जुड़ सके हैं। कालिस भी महीने के अंत तक जुड़ेंगे। सोमवार को टीम ने नेट अभ्यास नहीं किया और सिर्फ हल्के वार्म-अप पर ही ध्यान दिया।
उथ्प्पा सहित 11 खिलाड़ी प्रैक्टिस में शामिल -
नए कप्तान दिनेश की गैर मौजूदगी में अभी टीम उप कप्तान रॉबिन उथप्पा के साथ अभ्यास कर रही है। बता दें कि रॉबिन कोलकाता के सबसे पुराने खिलाड़ी है। अभी अभ्यास में कुल 11 खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। बता दें कि कई सीजन में टीम की बागडोर संभालने वाले गौतम गंभीर इस बार टीम का हिस्सा नहीं हैं।
अंडर 19 के दो स्टार है टीम में -
कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस बार की नीलामी के दौरान अंडर 19 में भारत को चैंपियन बनाने वाले दो दिग्गजों को अपने साथ जोड़ा है। टीम में अंडर 19 विश्व कप में धमाकेदार प्रदर्शन कर उभरे शुभमन गिल, कमलेश नागरकोटी, है। इनके साथ-साथ तेज गेंदबाज आर. विनय कुमार, इशांक जग्गी और वेस्टइंडीज के जेवोन सियरलेस हैं। कोलकाता अपना पहला मैच आठ अप्रैल को बेंगलुरू में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के साथ खेलेगी।