Umran Malik fit for IPL 2026: भारत की ओर सबसे तेज गेंदबाजी करने वाले उमरान मलिक आईपीएल 2026 से पहले पूरी तरह फिट हो चुके हैं। अगर वह इस सीजन केकेआर के लिए कुछ अच्छा कर पाए तो उनके लिए भारतीय टीम में वापसी के दरवाजे भी खुल सकते हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) से पहले तेज गेंदबाजों को लेकर मुश्किल में फंसी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए अच्छी खबर है। आईपीएल के इतिहास और इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले भारतीय पेसर उमरान पूरी तरह फिट हो गए हैं। इस सीजन में वह केकेआर के लिए वरदान साबित हो सकते हैं। अगर वह टूर्नामेंट में सफल रहे तो उनके लिए भारतीय टीम के दरवाजे भी खुल सकते हैं।
बता दें कि आईपीएल में 157 की रफ्तार से सबसे तेज गेंद फेंकन वाले भारतीय पेसर उमरान मलिक का करियर चोटों से भरा रहा है, जिसकी वजह से उन्हें मैदान पर खेलने के बजाय ज्यादातर समय बाहर ही बिताना पड़ा है। जम्मू-कश्मीर के इस घातक गेंदबाज पिछले दो सालों में अपना ज्यादातर समय बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में ठीक होने में बिताया है। अब आईपीएल 2026 में उन्हें तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करने का मौका मिलने वाला है।
उमरान मलिक ने अपना अपना आईपीएल डेब्यू 2021 में किया था और 4 सीजन तक एसआरएच का हिस्सा रहे। जहां उन्होंने 26 मैच में 29 विकेट लिए। हालांकि, वह सिर्फ एक ही सीजन 2022 में पूरा खेल पाए। केकेआर में 75 लाख रुपये में खरीदे जाने के बावजूद उमरान पिछले पूरे सीजन में बेंच पर ही बैठे रहे, जिसकी मुख्य वजह चोट थी। चोट की वजह से उन्हें ठीक होने में कई महीने लग गए और अब वह आईपीएल में हिस्सा लेने के लिए पूरी तरह से फिट हैं।
ज्ञात हो कि अन्य टीमों की तरह केकेआर भी तेज गेंदबाजों की चोटों से मुश्किल में फंसी हुई है। हर्षित राणा ज्यादातर मैचों से बाहर हो गए हैं, क्योंकि हाल ही में उनके घुटने की सर्जरी हुई है। मथीशा पथिराना को अभी अपना फिटनेस टेस्ट देना बाकी है, उसके बाद ही उन्हें श्रीलंका क्रिकेट से एनओसी मिल सकेगी। वह अप्रैल के मध्य तक ही टीम से जुड़ पाएंगे। आकाश दीप पीठ की चोट की वजह से बाहर हो गए हैं।
उमरान मलिक को आखिरी बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलते देखा गया था। उमरान ने द टेलीग्राफ को बताया कि मुझे गेम प्लान के हिसाब से चलना होगा और कोच (अभिषेक नायर) और कप्तान (अजिंक्य रहाणे) जो कहेंगे, वही करना होगा। गति मेरा हथियार है, जिसका इस्तेमाल मैं निश्चित रूप से करूंगा। लेकिन, इसके साथ ही मुझे दूसरे पहलुओं पर भी ध्यान देना होगा, जैसे कि वेरिएशन।
केेकेआर के तेज गेंदबाजी विभाग में अभी ब्लेसिंग मुजरबानी, उमरान मलिक और वैभव अरोड़ा शामिल हैं, जबकि कार्तिक त्यागी के बैक अप के तौर पर रहने की संभावना है। उन्होंने इस साल अपनी गति को थोड़ी कम करने का वादा किया है, जिसका मतलब है कि उन्हें दोबारा चोट लगने की संभावना काफी कम हो सकती है। इसलिए एक अच्छा सीजन मलिक को अपने आप ही टी20I टीम में वापसी की दौड़ में वापस ला देगा।