KKR Playoffs Scenario in IPL 2026: आरसीबी से हार के बाद केकेआर की प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है। हालांकि टीम के पास अभी भी अगले दौर में पहुंचने का मौका है, लेकिन इसके लिए उसे दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर रहना होगा।
IPL 2026 Playoffs Scenario: आईपीएल 2026 के 57वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) को आरसीबी (Royal Challengers Bengaluru) के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी। इस हार के बाद केकेआर की अंतिम चार में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है, लेकिन अभी भी उसकी संभावनाएं पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। टीम को इस सीजन अभी तीन मैच और खेलने हैं। अगर केकेआर अपने तीनों मुकाबले जीत लेती है, तो वह प्लेऑफ में पहुंच सकती है।
केकेआर ने शुरुआती 6 मैचों तक एक भी मुकाबला नहीं जीता था। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टीम ने जीत का सिलसिला शुरू किया और लगातार चार मुकाबले जीत लिए। लेकिन बेंगलुरु के खिलाफ एक बार फिर उनका विजय रथ रुक गया। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अंक तालिका में आठवें स्थान पर मौजूद कोलकाता नाइट राइडर्स लीग चरण खत्म होने तक टॉप-4 में अपनी जगह बना पाएगी।
कोलकाता नाइट राइडर्स इस सीजन अब तक 11 मैचों में सिर्फ 9 अंक हासिल कर पाई है। उसने 4 मैच जीते हैं और 6 गंवाए हैं। एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हुआ है। बचे हुए तीनों मैच जीतकर अजिंक्य रहाणे एंड कंपनी 15 अंक के आंकड़े तक पहुंच सकती है। फिलहाल अंक तालिका में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले और गुजरात टाइटंस दूसरे स्थान पर है। इन दोनों टीमों के मौजूदा अंक के बराबर भी नहीं पहुंच सकती है कोलकाता नाइट राइडर्स। ऐसे में देखा जाए तो केकेआर के पास आखिरी 2 पोजिशन हासिल करने का मौका है। लेकिन अगर पंजाब किंग्स बचे हुए 3 में से 2 मैच जीत ले और सनराइजर्स एक मैच भी जीत ले, तो कोलकाता के प्लेऑफ्स की रेस से बाहर हो जाएगी।
कोलकाता नाइट राइडर्स को गुजरात टाइटंस, दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस से बचे हुए मुकाबले खेलने हैं। इन तीनों मैच में अगर वह जीत जाती है तो उसके 15 अंक हो जाएंगे। लेकिन प्लेऑफ्स में पहुंचने के लिए उसे ये भी उम्मीद करनी होगी कि RCB अपने तीनों मैच जीत जाए, गुजरात टाइटंस केकेआर से हार जाए लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स को हरा दे। इस स्थिति में आरसीबी के पास 20 अंक हो जाएंगे और टाइटंस के पास 18 अंक। सीएसके की टीम लखनऊ को हरा दे लेकिन गुजरात और हैदराबाद से हार जाए। इस तरह SRH के 16 अंक हो जाएंगे। राजस्थान और पंजाब किंग्स अपने बचे हुए सभी मैच हार जाएं, तब जाकर 15 अंकों के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स प्लेऑफ्स में पहुंचेगी।