14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

RCB ने जीता 8वां मैच, अंक तालिका में सबको पछाड़ा, फिर भी कंफर्म नहीं हुआ प्लेऑफ्स का टिकट, जानें क्यों

IPL 2026 Playoffs Scenario: केकेआर को हराकर आरसीबी आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई है, लेकिन 16 अंक होने के बावजूद टीम का प्लेऑफ टिकट अभी तक कन्फर्म नहीं हुआ। जानिए क्या हैं पूरे समीकरण।

2 min read
Google source verification
IPL 2026 RCB vs KKR Virat Kohli Celebrating wicket with bhuvneshwar kumar

IPL 2026 RCB vs KKR: विराट कोहली के साथ विकेट लेने के बाद जश्न मनाते हुए भुवनेश्वर कुमार (फोटो- IANS)

RCB Playoffs Qualification Scenario: बुधवार को आईपीएल 2026 का 57वां मुकाबला खेला गया, जहां आरसीबी ने केकेआर को 6 विकेट से हरा दिया। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 192 रन बनाए। जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 19.1 ओवर में ही चार विकेट खोकर 194 रन बना लिए।

सबसे आगे निकली RCB

इस जीत के साथ अंक तालिका में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले स्थान पर पहुंच गई। उसका नेट रन रेट इस सीजन सबसे बेहतर है। टीम के पास 16 अंक हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उसे प्लेऑफ का टिकट नहीं मिला। चलिए जानते हैं ऐसा क्यों और क्या है प्लेऑफ्स का समीकरण।

आईपीएल में अक्सर देखा जाता है कि आमतौर पर 16 अंक हासिल करने वाली टीम प्लेऑफ का टिकट पक्का कर लेती है। लेकिन इस सीजन सिर्फ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ही नहीं, बल्कि गुजरात टाइटंस ने भी 16 के जादुई आंकड़े को छू लिया है, फिर भी दोनों टीमों को प्लेऑफ का टिकट नहीं मिला है। आरसीबी का नेट रन रेट भी सबसे बेहतर है, लेकिन इसके बावजूद उसका अंतिम चार में पहुंचना कन्फर्म नहीं हो पाया है।

क्यों कंफर्म नहीं हुआ प्लेऑफ्स का टिकट

आपको बता दें कि आईपीएल में अभी भी आठ टीमें प्लेऑफ की रेस में शामिल हैं। इनमें कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स का 16 अंक तक पहुंचना नामुमकिन है। लेकिन राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स टॉप-4 से बाहर होने के बावजूद इस आंकड़े तक पहुंच सकती हैं। फिलहाल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स टॉप 4 में हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स अधिकतम 15 अंकों तक पहुंच सकती है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स 14 अंकों तक पहुंच सकती है। अगर राजस्थान रॉयल्स अपने सभी मैच जीत लेती है तो वह 18 अंकों तक पहुंच सकती है। इसके अलावा पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स भी 18-18 अंकों तक पहुंच सकती हैं। हालांकि, पंजाब किंग्स को यहां एक अंक का फायदा मिलेगा, क्योंकि उसका एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हुआ था। ऐसे में पंजाब 19 अंकों तक भी पहुंच सकती है।

ऐसे कंफर्म होगा प्लेऑफ्स का टिकट

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के पास अभी दो-दो मैच बचे हैं। आरसीबी को अब तक प्लेऑफ का टिकट इसलिए नहीं मिला, क्योंकि प्लेऑफ की रेस में अभी भी छह टीमें ऐसी हैं जो 16 अंकों के आंकड़े को छू सकती हैं या उससे आगे निकल सकती हैं। यही वजह है कि आरसीबी को अब तक प्लेऑफ का टिकट नहीं मिला है। हालांकि, इस बार कांटे की टक्कर को देखते हुए, 17 अंक हासिल करने वाली टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर सकती है। अगर बचे हुए दो मुकाबलों में आरसीबी और गुजरात टाइटंस एक-एक अंक भी हासिल कर लेती हैं, तो उनका प्लेऑफ टिकट लगभग कन्फर्म हो जाएगा।