
IPL 2026 rcb vs kkr: केकेआर के खिलाफ रन लेते हुए विराट कोहली (फोटो- IANS)
IPL 2026 RCB vs KKR: आईपीएल 2026 के 57वें मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार शतकीय पारी खेली। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ विराट कोहली ने नाबाद 60 गेंदों में 105 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और तीन छक्के शामिल थे। इस पारी के साथ विराट कोहली ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए और टी20 क्रिकेट में 14,000 रन भी पूरे कर लिए। वह इस फॉर्मेट में सबसे तेजी से 14,000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ी बन गए।
विराट कोहली की यह पारी केकेआर पर इतनी भारी पड़ी कि टीम न सिर्फ मुकाबला हार गई, बल्कि उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को भी बड़ा झटका लगा। हालांकि, एक समय ऐसा भी था जब विराट कोहली सस्ते में आउट हो सकते थे। पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 20 ओवर में 192 रन बनाए थे। 193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को पहला झटका 37 रन के स्कोर पर लगा। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली ने 92 रनों की साझेदारी कर डाली और यहीं से लगभग केकेआर की जीत की उम्मीदें खत्म हो गईं।
हालांकि, 59 रन के स्कोर पर आरसीबी को दूसरा झटका लग सकता था, जब कार्तिक त्यागी की गेंद पर विराट कोहली ने मिड ऑफ की ओर शॉट खेला, लेकिन कैच छूट गया। उस समय विराट कोहली 12 गेंदों में 13 रन बनाकर खेल रहे थे। कैच छूटने के बाद अगली ही गेंद पर विराट कोहली ने छक्का जड़ दिया और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। कोहली ने 59 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और नाबाद पवेलियन लौटे, जिसकी बदौलत आरसीबी ने यह मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया।
कोहली का टी20 क्रिकेट में यह 10वां शतक था, जबकि आईपीएल में यह उनका 9वां शतक रहा। ये शतक केकेआर पर इतना भारी पड़ा कि उसने मैच तो गंवाया ही, साथ ही प्लेऑफ्स से बाहर होने की दहलीज पर पहुंच गई। कोलकाता नाइट राइडर्स 11 मैच खेलने के बाद सिर्फ 4 मैच जीत पाई है और उसके पास सिर्फ 9 अंक है। टीम बचे हुए तीनों मैच जीतकर मैक्सिमम 15 अंक तक हासिल कर सकती है, जिसके साथ प्लेऑफ्स में पहुंचना मुश्किल लग रहा है।
Published on:
14 May 2026 08:22 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
