क्रिकेट

IPL इतिहास की सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए KL Rahul, तोड़ डाले इतने सारे रिकॉर्ड

IPL 2026 DC vs PBKS: केएल राहुल की 152 रनों की ऐतिहासिक पारी ने कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए, जिसमें टी20 में भारत की सबसे बड़ी पारी, आईपीएल में भारतीय बल्लेबाज का सर्वोच्च स्कोर और दिल्ली कैपिटल्स के लिए नई साझेदारी का रिकॉर्ड शामिल है।

2 min read
Apr 25, 2026
केएल राहुल शतक जड़ने के बाद जश्न मनाते हुए (फोटो- IANS)

Highest Individual Score in IPL By Indians: आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स की भिड़ंत पंजाब किंग्स के साथ हो रही है। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में केएल राहुल के बल्ले से ऐतिहासिक पारी निकली। राहुल ने सिर्फ 67 गेंदों का सामना करते हुए 152 रनों की नाबाद पारी खेली। राहुल टी20 क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने तिलक वर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने साल 2024 में 151 रनों की शानदार पारी खेली थी।

ये भी पढ़ें

राहुल-नितीश ने मिलकर बनाए 220 रन, लेकिन नहीं तोड़ पाए विराट-डीविलियर्स का रिकॉर्ड, देखें IPL की सबसे बड़ी साझेदारी

ऐसा करने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज

राहुल ने अपनी इस पारी में 16 चौके और 9 छक्के लगाए। राहुल मेंस टी20 क्रिकेट में 150 से ज्यादा रनों की पारी खेलने वाले महज दूसरे बल्लेबाज भी बन गए हैं। राहुल आईपीएल में भी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। अभिषेक ने आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए 88 गेंदों में 141 रनों की दमदार पारी खेली थी। राहुल आईपीएल में तीसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

केएल राहुल ने ऋषभ पंत का रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से इस लीग में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। पंत ने साल 2018 में 128 रनों की नाबाद पारी खेली थी। राहुल आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने सुरेश रैना (5,528) को पीछे छोड़ दिया है। राहुल के आईपीएल में अब कुल रन 5,579 हो गए हैं।

राहुल आईपीएल की एक पारी में सबसे ज्यादा चौके-छक्के लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने अपनी 152 रनों की नाबाद पारी में कुल 25 बाउंड्री (16 चौके और 9 छक्के) लगाईं। राहुल ने नितीश राणा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 220 रनों की साझेदारी की, जो आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी भी बन गई है। इसके साथ ही यह दिल्ली कैपिटल्स की ओर से किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। राहुल-नितीश ने डेविड वॉर्नर और नमन ओझा की जोड़ी का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2012 में 189 रनों की अटूट साझेदारी की थी।

IPL में राहुल ने जड़ा छठा शतक

राहुल ने आईपीएल में यह छठा शतक लगाया। वह इस लीग में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर आ गए हैं। राहुल के साथ क्रिस गेल के भी 6 शतक हैं। राहुल ने इस मामले में संजू सैमसन को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम 5 शतक दर्ज हैं। वह दिल्ली कैपिटल्स की ओर से संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। राहुल के अलावा डीसी की ओर से शिखर धवन और डेविड वॉर्नर ने 2-2 शतक लगाए हैं।

Updated on:
25 Apr 2026 07:14 pm
Published on:
25 Apr 2026 07:13 pm
Also Read
View All