केकेआर को अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस (MI) तो हैदराबाद को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से हार का सामना करना पड़ा था। केकेआर अपने होम ग्राउंड में हैदराबाद से ज्यादा मजबूत नजर आ रही है। हैदराबाद कई समस्याओं से जूझ रही है।
Kolkata Knight Riders vs Sunrisers Hyderabad, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का छठा मुकाबला तीन बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच आज खेला जाएगा। कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले जाने वाले इस मुकाबले में दोनों टीमें इस सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज करने के लिए उतरेंगी।
केकेआर को अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस (MI) तो हैदराबाद को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से हार का सामना करना पड़ा था। केकेआर अपने होम ग्राउंड में हैदराबाद से ज्यादा मजबूत नज़र आ रही है। हैदराबाद कई समस्याओं से जूझ रही है। टीम की सबसे बड़ी परेशानी नियमित कप्तान पैट कमिंस हैं जो पीठ की चोट से उबर रहे हैं और टीम के लिए फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं।
कमिंस की गैरमौजूदगी हैदराबाद की नेतृत्व के साथ ही टीम की गेंदबाजी को भी कमजोर बना रही है। इसका दबाव बल्लेबाजों पर ज्यादा है। एसआरएच के बल्लेबाजों के पास अच्छी बैटिंग विकेट पर 230 से ज्यादा रन बनाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है और इसके लिए शीर्ष के तीन बल्लेबाजों का चलना जरूरी है, लेकिन टीम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज भी फॉर्म में नहीं हैं।
टीम के दोनों ओपनर, ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा, हाल ही में अच्छे फॉर्म में नहीं हैं। हेड और अभिषेक का टी20 विश्व कप में भी खराब प्रदर्शन रहा था। इन दोनों बल्लेबाजों के प्रदर्शन के पर एसआरएच बहुत ज्यादा निर्भर है। अगर ये दोनों फिर फ्लॉप हुए तो केकेआर के खिलाफ एसआरएच को मुश्किल होगी। एसआरएच के लिए दक्षिण अफ्रीका के हेनरिक क्लासेन भी परेशानी का सबब हैं। क्लासेन बीच के ओवरों में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन कुछ समय से उनका फॉर्म उनकी प्रतिष्ठा के अनुरुप नहीं रहा है।
हैदराबाद के लिए अच्छी बात यह है कि कप्तानी संभाल रहे ईशान किशन फॉर्म में हैं। किशन ने आरसीबी के खिलाफ भी 38 गेंदों पर 80 रन की पारी खेली थी। केकेआर के खिलाफ भी किशन से टीम को उम्मीद रहेगी। हालांकि किशन को बल्लेबाजी में दूसरे बल्लेबाजों से भी सहयोग की जरूरत होगी। जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा, डेविड पेन और नीतीश कुमार रेड्डी केकेआर के खिलाफ अपना प्रभाव डाल सकते हैं। केकेआर को उसके घर में हराने के लिए एसआरएच को अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में दमदार प्रदर्शन करना होगा।
इस सीजन की शुरुआत केकेआर के लिए थोड़ी डगमगाती हुई रही है। गेंदबाजी में गहराई की कमी एक बड़ी चिंता बन गई है। हर्षित राणा और आकाश दीप के चोटिल होने, साथ ही मथीशा पथिराना के उपलब्ध न होने और कैमरन ग्रीन की सीमित भूमिका ने उनकी गेंदबाजी को कमजोर कर दिया है। हालांकि, इससे भी ज्यादा चिंता की बात उनके स्पिन गेंदबाजों की जोड़ी (सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती) का प्रदर्शन रहा है। हैदराबाद और केकेआर के बीच 30 मैच खेले गए हैं। इसमें 19 मैच केकेआर ने और 10 मैच एसआरएच ने जीते हैं। 1 मैच टाई रहा है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी।
सनराइजर्स हैदराबाद: ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा।