
Zimbabwe vs India, 2nd T20: भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए दूसरे टी20 मुक़ाबले में 90 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज़ की। इसी के साथ तीन मैचों की इस सीरीज में भारत ने 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है और सीरीज पर भी कब्जा जमा लिया। इस मैच में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए। हालांकि उन्होंने गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया।
टी20 विश्व कप 2026 के बाद से अब तक अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए 9 मैचों में सिर्फ एक अर्धशतकीय पारी खेली है, जो 1 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में आई थी। वह फिलहाल जिम्बाब्वे दौरे पर हैं, जहां दो मैचों में फ्लॉप रहे। उन्होंने पहले टी20 में 8 गेंदों पर 1 रन बनाया, जबकि दूसरे मुकाबले में 8 गेंदों पर 8 रन जुटाए। ऐसे में भारत के पूर्व चीफ सिलेक्टर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने टीम मैनेजमेंट से तीखा सवाल पूछा है। उन्हें लगता है कि अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को मौके देने में भेदभाव किया जा रहा है।