
Lionel Messi vs Lamine Yamal FIFA World Cup 2026: साल 2007 के आखिरी महीनों में बार्सिलोना के ड्रेसिंग रूम में एक फोटो खींची गई थी। उस तस्वीर में 20 साल के शर्मीले लियोनल मेसी, जिनके सिर पर लंब-घुंघराले बाल थे, एक नीले रंग के प्लास्टिक बाथटब में 6 महीने के बच्चे को पकड़े हुए थे। उस पल में न तो मेसी जानते थे और न ही वह बच्चा, कि एक दिन पूरी दुनिया इस फोटो को फुटबॉल के इतिहास की सबसे बड़ी शुरुआत के रूप में देखेगी।
अब लगभग 20 साल बाद, वही छोटा बच्चा यानी लामिन यमाल (Lamine Yamal) रविवार को न्यू जर्सी में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में मेसी के खिलाफ मैदान पर उतरेगा। दो अलग-अलग पीढ़ियों के दिग्गजों की यह टक्कर ऐसी लगती है, मानो इसे फुटबॉल के भगवान ने खुद लिखा हो।
डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर फाइनल का टिकट पक्का किया। वहीं दूसरी तरफ मौजूदा यूरोपियन चैंपियन स्पेन ने टूर्नामेंट की सबसे मजबूत मानी जा रही फ्रांस की टीम को 2-0 से हराकर फाइनल में एंट्री ली। स्पेन की तरफ से मिकेल ओयारज़ाबाल और पेड्रो पोरो ने गोल दागे।
अब फाइनल में अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा। यह पहली बार होगा जब लियोनल मेसी और लामिन यमाल एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगे। लेकिन उनका रिश्ता तब शुरू हुआ था जब यमाल ने फुटबॉल को लात मारना भी नहीं सीखा था।
इन दोनों के बीच का यह अनोखा कनेक्शन साल 2007 में स्पेन के अखबार 'डियारियो स्पोर्ट' और यूनिसेफ (UNICEF) द्वारा आयोजित एक चैरिटी लॉटरी के जरिए शुरू हुआ था। बार्सिलोना के कैटालोनिया में रहने वाले परिवारों को बार्सिलोना क्लब के खिलाड़ियों के साथ कैलेंडर के लिए फोटो खिंचवाने का मौका मिल रहा था। इस लकी ड्रॉ में लामिन यमाल के परिवार का नाम आ गया। यह फोटोशूट कैंप नाउ (Camp Nou) स्टेडियम के ड्रेसिंग रूम में हुआ था। उस समय बार्सिलोना के उभरते सितारे मेसी को नन्हे यमाल के साथ पोज देने को कहा गया। मेसी की यमाल को बाथटब में पकड़े हुए वह फोटो 2008 के चैरिटी कैलेंडर में छपी और फिर लोग उसे भूल गए।
लेकिन साल 2024 के यूरो कप के दौरान यह फोटो तब अचानक वायरल हो गई, जब यमाल के पिता मुनीर नसराउई ने इसे इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा, 'दो दिग्गजों की शुरुआत।' अब करीब 20 साल बाद इतिहास खुद को दोहराने जा रहा है, जब वह बच्चा और फुटबॉल का दिग्गज सबसे बड़े मंच पर आमने-सामने होंगे।