
नागपुर। श्रीलंका टीम के कप्तान दिनेश चंडीमल ने शुक्रवार को यहां विदर्भ राज्य क्रिकेट संघ (वीसीए) स्टेडियम में खेले जा रहे तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका टीम को मात्र 20 रनो के स्कोर पर सदीरा समाराविक्रम के रूप में पहला झटका लगा। भारतीय टीम में वापसी कर रहे इशांत शर्मा ने सदीरा समाराविक्रम को पुजारा के हाथो स्लिप में कैच कराया। वही आश्विन ने लंच से पहले लाहिरु थिरामाने को मात्र 9 रन पर बोल्ड कर चलता किया। ये इस सीरीज का स्पिनर द्वारा लिया गया पहला विकेट है। स्कोर लिखे जाने तक 25 ओवर में श्रीलंका 2 विकेट के नुकसान पर 39 रन बना चुकी है। क्रिस पर दिमुथ करुणारत्ने(19) और एंजेलो मैथ्यूज (0) रन बना कर खेल रहे है।दोनों टीमें इस मैच में जीत हासिल करते हुए सीरीज में बढ़त लेना चाहेंगी।
भारत ने किये 3 बदलाव
इससे पहले कोलकाता में दोनों टीमों के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच बेनतीजा रहा था। भारत उसमें जीत के करीब आकर चूक गया था। श्रीलंका ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। भारत ने अपनी टीम में तीन बदलाव किए हैं। मोहम्मद शमी को हल्की चोट है। उनके स्थान पर ईशांत शर्मा आए हैं। शादी के बंधन में बंधे भुवनेश्वर कुमार के स्थान पर रोहित शर्मा को मौका मिला है। वहीं आराम करने गए सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की जगह मुरली विजय अंतिम एकादश में आए हैं।
पिच का हाल
कोलकाता के मुकाबले नागपुर की विकेट में घास कम है और दरार ज्यादा है। जैसे जैसे खेल आगे बढ़ेगा विकेट और धीमी होती चली जाएगी, अनुमान लगाया जा रहा था की दक्षिण अफ्रीका दौरे को ध्यान में रखते हुए यहाँ भी कोलकाता की तरह ग्रीन विकेट बनाया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। विकेट में काफी दरार होने की वजह से बाद में स्पिनर्स को मिलेगा फायदा मिलेगा और गेंद घूमना शुरू हो जाएगी।
टीमें :
भारत : विराट कोहली (कप्तान), मुरली विजय, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा , अजिंक्य रहाणे , रविचंद्रन अश्विन, रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रोहित शर्मा, उमेश यादव और ईशांत शर्मा।
श्रीलंका : दिनेश चंडीमल (कप्तान), दिमुथ करुणारत्ने, सदीरा समाराविक्रम, लाहिरु थिरामाने, एंजेलो मैथ्यूज, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), दासुन शनाका, दिलरुवान परेरा, रंगना हेराथ, सुरंगा लकमाल और लाहिरु गमागे