मुंबई ने 18 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 66 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर एविन लेविस (41) और किरोन पोलार्ड (6) रन बना कर खेल रहे हैं।
नई दिल्ली| ऋषभ पंत (64) की अर्धशतकी पारी के दम पर दिल्ली डेयरडेविल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) करे 11वें संस्करण के अपने आखिरी मैच में रविवार को मुंबई इंडियंस को 175 रनों का लक्ष्य दिया है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को जल्द पवेलियन लौटना पड़ा। खबर लिखे जाने तक मुंबई ने 18 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 66 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर एविन लेविस (41) और किरोन पोलार्ड (6) रन बना कर खेल रहे हैं।
फिरोजशाह कोटला मैदान पर जारी इस मैच में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। इस पारी में दिल्ली के लिए विजय शंकर (नाबाद 43) ने भी अहम भूमिका निभाई।
दिल्ली का पहला विकेट सलामी बल्लेबाजों के बीच गलत संपर्क का नतीजा रहा। मैक्सवेल द्वारा मुस्ताफिजुर रहमान की गेंद पर शॉट मारने के बाद पृथ्वी एक रन के लिए भागने की कोशिश में थे, लेकिन मैक्सवेल ने उन्हें रुकने का इशारा किया। अपनी धीमी गति से विकेट की ओर लौट रहे पृथ्वी के पहुंचने से पहले ही हार्दिक की गेंद विकेट तक पहुंच गई और पृथ्वी रन आउट हो गए।
पृथ्वी ने कुल 12 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद मैक्सवेल (22) भी 38 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड कर दिल्ली का दूसरा विकेट गिराया।दिल्ला ने पावरप्ले में ही अपने दो विकेट गंवा दिए। कप्तान श्रेयस अय्यर (6) और पंत टीम की पारी को आगे बढ़ाने उतरे। दिल्ली ने पावरप्ले में 46 रन बनाए।
श्रेयस और पंत ने तीसरे विकेट के लिए 37 रन जोड़कर टीम को 75 के स्कोर तक पहुंचाया लेकिन इसी स्कोर पर मयंक मारकंडे की गेंद पर कप्तान श्रेयस लंबा शॉट मारने की कोशिश में बाउंड्री के पास क्रुणाल पांड्या के हाथों लपके गए। इस बीच, पंत ने 15वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अपने आईपीएल के इस सीजन का चौथा अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही वह इस सीजन में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन को पछाड़ते हुए पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।
श्रेयस के आउट होने के बाद पंत ने विजय साथ मिलकर 64 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए दिल्ली को 139 के स्कोर पर पहुंचाया। क्रुणाल ने इसी स्कोर पर पंत को बाउंड्री के पास खड़े किरोन पोलार्ड के हाथों कैच आउट कराकर मुंबई को बड़ी सफलता दिलाई। अपनी पारी में पंत ने 44 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और चार छक्के लगाए। वह इस सीजन में 682 रन बनाकर सबसे आगे हैं। विलियमसन ने 661 रन बनाए हैं।
पंत के पवेलियन लौटने के बाद विजय ने अभिषेक शर्मा (नाबाद 15) के साथ मिलकर बिना कोई ओर विकेट गंवाए टीम को निर्धारित ओवर की समाप्ति तक 35 रन जोड़कर 174 के स्कोर तक पहुंचाया। इस पारी में मुंबई के लिए क्रुणाल, मारकंडे और जसप्रीत ने एक-एक विकेट लिया। दिल्ली के युवा बल्लेबाज पृथ्वी रन आउट हुए।
दोनों टीम ने किये ये बदलाव
दिल्ली ने इस मैच के लिए अंतिम एकादश में एक बदलाव किया है। आवेश खान के स्थान पर टीम में लियाम प्लंकट को शामिल किया गया है।रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई टीम के अंतिम एकादश में भी एक बदलाव हुआ है। कंधे की चोट से जूझ रहे मिच मेक्लेघन के स्थान पर टीम में मुस्ताफिजुर रहमान को शामिल किया गया है।
टीमें :
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, एविन लेविस, इशान किशन (विकेटकीपर), क्रुणाल पांड्या, किरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, बेन कटिंग, मयंक मारकंडे, जसप्रीत बुमराह और मुस्ताफिजुर रहमान।
दिल्ली डेयरडेविल्स : श्रेयस अय्यर (कप्तान), पृथ्वी शॉ, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, विजय शंकर, अभिषेक शर्मा, हर्षल पटेल, अमित मिश्रा, लियाम प्लंकट, संदीप लामिचाने और ट्रैंट बाउल्ट।