
नागपुर। भारतीय टीम ने बेंगलूरु वनडे में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम से हार के बाद विश्व रैंकिंग में खो चुकी अपनी नंबर-1 की पदवी को फिर से हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम को 50 ओवर में 9 विकेट पर 242 रन के सस्ते से स्कोर पर रोकने के बाद भारतीय टीम ने 42.5 ओवर में 3 विकेट खोकर 243 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। इसी के साथ भारत ने सीरीज भी 4-1 से अपने नाम कर ली और आईसीसी रैंकिंग में अपने अंकों की संख्या 120 पर पहुंचाकर दक्षिण अफ्रीका को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया।
भारतीय जीत के हीरो रहे रोहित शर्मा, जिन्होंने 109 गेंद में 11 चौकों व 5 सिक्सर वाली 125 रन की जबरदस्त पारी खेली। इस पारी के दौरान रोहित ने भारत के लिए वनडे क्रिकेट में अपने 6 हजार रन और ओपनर बल्लेबाज के तौर पर 4000 रन भी पूरे कर लिए। उन्होंने पहले विकेट के लिए अजिंक्य रहाणे के साथ 124 रन जोड़कर लगातार तीसरी शतकीय साझेदारी का रिकॉर्ड बनाया तो दूसरे विकेट पर कप्तान विराट कोहली (55 गेंद में 39 रन) के साथ 99 रन जोड़े। केदार जाधव 5 रन और मनीष पांडेय 11 रन बनाकर नॉटआउट वापस लौटे। रहाणे ने 74 गेंद में 7 चौकों से 61 रन बनाए।
इससे पहले पांच मैचों की सीरीज के आखिरी मैच में कंगारू टीम ने फिर से टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। भारत इस सीरीज को पहले ही 3-1 से अपने नाम कर चुका है। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को विदर्भ क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे पांचवें वनडे मैच में आस्ट्रेलिया को 242 रनों पर ही रोक दिया। आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उसके बल्लेबाज अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, केदार जाधव और भुवनेश्वर कुमार की बेहतरीन गेंदबाजी के सामने 50 ओवरों में नौ विकेट खोकर 242 रन ही बना सके।
मेहमान टीम के लिए सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने सबसे ज्यादा 53 रन बनाए। वार्नर ने पिछले मैच की तरह ही अपने जोड़ीदार एरॉन फिंच (32) के साथ मिलकर आस्ट्रेलिया को सधी हुई शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े। पांड्या ने फिंच को बुमराह के हाथों लपकवा कर मेजबानों को पहली सफलता दिलाई। कप्तान स्टीव स्मिथ (16) ने वार्नर के साथ मिलकर टीम का स्कोर 100 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर वह जाधव की गेंद पर पगबाधा करार दे दिए गए।
कप्तान के जाने के बाद वार्नर ने अपना अर्धशतक पूरा किया। अच्छी लय में आ चुके वार्नर ने पटेल की गेंद को शॉर्ट मिडविकेट के ऊपर से मारने का प्रयास किया, लेकिन वह शॉट मनीष पांडे के हाथों में खेल बैठे। 62 गेंदों की पारी में वार्नर ने पांच चौके लगाए। पटेल ने पीटर हैंड्सकॉम्ब को अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच करा आस्ट्रेलिया को चौथा झटका दिया। हैंड्सकॉम्ब जब आउट हुए तब टीम का स्कोर 118 रन था।
यहां से ट्रेविस हेड (42) और मार्कस स्टोइनिस (46) ने टीम को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी की। इस जोड़ी पर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी थी। लेकिन, पटेल एक बार फिर आस्ट्रेलिया के लिए खतरा बने। उन्होंने 205 के कुल स्कोर पर हेड के डंडे बिखेर दिए। पांच रन बाद ही स्टोइनिस, बुमराह की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। मैथ्यू वेड बल्ले से एक बार फिर विफल रहे और सिर्फ 20 रनों का ही योगदान दे सके। भारत की तरफ से पटेल के अलावा बुमराह ने दो विकेट लिए। पांड्या, जाधव और भुवनेश्वर को एक-एक सफलता मिली जबकि एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
टीम मे किए गए है तीन बदलाव
टीम इंडिया में तीन बदलाव किए गए है। मोहम्मद शमी, उमेश यादव और युजवेंद्र चहल को बाहर किया गया है। जिनकी जगह पर भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल को टीम में रखा गया है। बता दें कि पिछले मैच में भारतीय गेंदबाज जल्द विकेट निकाल पाने में सफल नहीं हो पाए थें।
टी-20 से पहले मानसिक बढ़त लेना चाहेगी कंगारू टीम
आस्ट्रेलिया ने चौथे वनडे में भारत को 21 रनों से हरा दिया था। इसी हार के बाद भारत का विजयी क्रम टूट गया था। अब उसकी कोशिश एक बार फिर जीत के रास्ते पर लौटने की होगी। वहीं पहले ही सीरीज गंवा चुकी आस्ट्रेलिया की कोशिश इस मैच में जीत हासिल करते हुए अपने आत्मविश्वास को पाने की होगी जो उसे आने वाली तीन टी-20 मैचों की सीरीज में मानसिक बढ़त देगा।
लोकेश राहुल को नहीं मिला मौका
सीरीज के लिए टीम में चुने गए भारतीय बल्लेबाज लोकेश राहुल को मैदान में आने का मौका नहीं मिला। लोकेश राहुल ने इस सीरीज में एक भी मैच नहीं खेल सके। जीत के रास्ते पर लौटने के लिए भारत एक बार फिर अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धौनी, केदार जाधव और कप्तान विराट कोहली पर निर्भर करेगी।