क्रिकेट

‘इसे स्वीकार करना ही पड़ता है’, CSK के प्लेऑफ पहुंचने की उम्‍मीदों को LSG ने दिया झटका तो कप्तान रुतुराज ने डाले हथियार

LSG vs CSK: लखनऊ के इकाना स्‍टेडियम में शुक्रवार रात एलएसजी ने सीएसके को 7 विकेट से हराते हुए उसकी प्लेऑफ खेलने की उम्मीदों पर लगभग पानी फेर दिया है। इस हार के बाद हताश कप्‍तान रुतुराज गायकवाड़ ने किसी को दोषी नहीं ठहराया, बल्कि स्‍वीकार किया कि कभी-कभी विरोधी टीम का भी दिन होता है।

3 min read
May 16, 2026
चेन्‍नई सुपर किंग्‍स के कप्‍तान रुतुराज गायकवाड़। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/IPL)

LSG vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स के आईपीएल 2026 के प्लेऑफ पहुंचने की उम्‍मीदों को लखनऊ सुपर जायंट्स ने बड़ा झटका दिया है। शुक्रवार रात लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में एलएसजी ने सीएसके को 7 विकेट से शिकस्‍त दी है। इस हार के साथ ही सीएसके का पिछले 3 मैचों की लगातार जीत का क्रम टूट गया और प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना भी बेहद कम हो गई है। इस हार के बाद सीएसके के कप्‍तान रुतुराज गायकवाड़ बेहद निराश नजर आए। अहम मुकाबले में हार को लेकर उन्‍होंने कहा कि कभी-कभी विरोधी टीम आपसे बेहतर क्रिकेट खेल सकती है, इसलिए आपको इसे स्वीकार करना ही पड़ता है।

ये भी पढ़ें

CSK vs LSG: इकाना में लखनऊ का धमाका, चेन्नई की प्लेऑफ उम्मीदों को लगा बड़ा झटका, 7 विकेट से हारी CSK

'उन्होंने बहुत अच्छी बैटिंग की'

मैच के बाद रुतुराज गायकवाड़ ने कहा कि मुझे लगता है कि तेज गेंदबाजों के लिए पिच में कुछ मदद थी। जब हमने बैटिंग की तो हमें हार्ड लेंथ पर शॉट लगाना मुश्किल लगा, शायद उनके गेंदबाजों ने इसे बहुत अच्छे से एग्जीक्यूट किया। लेकिन, हम 160 या 170 रन बनाने की सोच रहे थे और हमने 180 रन बना लिए। इसलिए बैटिंग के लिहाज से हम इससे बेहतर कुछ नहीं कर सकते थे, लेकिन है कि इसका श्रेय उन्हें जाता है। उन्होंने बहुत अच्छी बैटिंग की और पता नहीं पिच बेहतर हुई या नहीं, लेकिन उन्होंने कुछ जबरदस्त शॉट खेले।

'कुछ गेंदों पर एग्जीक्यूशन में चूक गए'

वहीं, उन्‍होंने शॉर्ट गेंदों को लेकर कहा कि हम कोशिश कर रहे थे, लेकिन जोश इंग्लिस ने पिछले मैच में अलग तरह से खेला था। इसलिए हमें एक प्लान बनाना पड़ा और निश्चित रूप से मिच मार्श एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जो शॉर्ट गेंद बहुत अच्छे से खेलते हैं। हम बस हार्ड लेंथ पर गेंद डालने की कोशिश कर रहे थे, बिल्कुल टेस्ट मैच वाली लेंथ पर। पिच पर गेंद अच्छे से मूव कर रही थी, लेकिन उन्होंने कुछ बहुत अच्छे शॉट खेले। हमने कुछ जगहों पर या कुछ गेंदों पर एग्जीक्यूशन में चूक की। पीछे मुड़कर देखें तो, जब ओपनिंग बैट्समैन आउट हो गए, तो हमें लगा कि आने वाले बैट्समैन को भी शुरुआत में मुश्किल हुई। उनके दोनों ओपनर्स ने एक बार फिर शानदार बैटिंग की।

'आपको इसे स्वीकार करना ही पड़ता है'

यह सीजन अब तक कैसा रहा इस पर रुतुराज ने कहा कि कभी-कभी विरोधी टीम आपसे बेहतर क्रिकेट खेल सकती है, इसलिए आपको इसे स्वीकार करना ही पड़ता है। मुझे लगता है कि पिछले मैच में भी उन्होंने शुरुआत में हमसे बेहतर क्रिकेट खेला था, लेकिन हमने जबरदस्त वापसी की। आज भी बैटिंग के लिहाज से एक युवा खिलाड़ी कार्तिक ने जिस तरह का आत्मविश्वास दिखाया 71 रन बनाए, वह देखकर बहुत अच्छा लगा। इसलिए, एक यूनिट के तौर पर मिडिल ऑर्डर में अभी भी कुछ कमी है। टूर्नामेंट के आखिरी कुछ मैचों में जाते हुए, मुझे पूरा भरोसा है कि बैटिंग के लिहाज़ से हमने लय पकड़ ली है और बॉलिंग में भी हम बहुत अच्छा कर रहे हैं। आज का दिन बस थोड़ा खराब रहा।

'हमारे लिए हिसाब बहुत सीधा'

आप अगले दो मैचों का सामना कैसे करेंगे? इस पर उन्‍होंने कहा कि पहली चुनौती चेन्नई पहुंचना है। यह एक लंबी फ्लाइट है। उसके बाद बस यह पक्का करना है कि हम वापसी करें और उन क्षेत्रों में सुधार करें जहां हमें सुधार की जरूरत है। हमारे लिए हिसाब बहुत सीधा है। हम जितने भी मैच खेलें, हर एक मैच जीतें। इसमें कुछ भी मुश्किल नहीं है। चिंता की कोई बात नहीं है। बस यह पक्का करना है कि हमारा दिन अच्छा जाए। जिसका भी दिन अच्छा जाए, वह उसका पूरा फायदा उठाए और हमें उम्मीद है कि हम हालात को अपने पक्ष में कर लेंगे।

Published on:
16 May 2026 06:50 am
Also Read
View All