
Youngest Player To Score Hundred in T20I: नामीबिया में खेली जा रही ट्राई नेशन सीरीज के छठे मुकाबले में साउथ अफ्रीका के लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने शतक जड़कर टी20 क्रिकेट का इतिहास बदल दिया। वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। प्रीटोरियस ने 53 गेंद में 101 रन की पारी खेली, जिसमें 8 छक्के और पांच चौके शामिल थे। इस दौरान साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 228 रन बनाए और नामीबिया की टीम सिर्फ 217 रन बना सकी और 11 रन से मुकाबला हार गई।
यह पहला मौका है, जब नामीबिया को साउथ अफ्रीका ने हराया है। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 2 मुकाबले खेले गए थे और दोनों में ही नामीबिया को जीत मिली थी। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया, जबकि दूसरी फाइनल टीम जिंबॉब्वे की टीम है। खिताबी मुकाबला 6 सितंबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
इस मुकाबले में नामीबिया ने टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। लुआन-ड्रे प्रीटोरियस और कोनोर एस्टरहुइज़ेन ने पहले विकेट के लिए 156 रन की साझेदारी की और वह भी सिर्फ 11.02 ओवर में। कोनोर एस्टरहुइज़ेन 88 रन बनाकर आउट हुए, तो दूसरी ओर लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने शतक जड़कर इतिहास रच दिया।
प्रीटोरियस ने अफगानिस्तान के हजरतुल्लाह जाजई का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2019 में 20 साल 337 दिन की उम्र में शतक जड़ा था। भारत के यशस्वी जायसवाल अब तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं, जिन्होंने एशियन गेम्स 2022 में नेपाल के खिलाफ शतक जड़ा था। उन्होंने 21 साल 279 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था, जबकि इस लिस्ट में तिलक वर्मा पांचवें स्थान पर हैं। उन्होंने 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 22 साल 5 दिन की उम्र में शतक जड़ा था।
| रैंक | टीम | उम्र | बल्लेबाज | खिलाफ | वर्ष |
|---|---|---|---|---|---|
| 1 | साउथ अफ्रीका | 20 साल 161 दिन | लुआन-ड्रे प्रेटोरियस | नामीबिया | 2026 |
| 2 | अफगानिस्तान | 20 साल 337 दिन | हज़रतुल्लाह ज़ज़ई | आयरलैंड | 2019 |
| 3 | भारत | 21 साल 279 दिन | यशस्वी जायसवाल | नेपाल | 2023 |
| 4 | जिम्बाब्वे | 21 साल 324 दिन | ब्रायन बेनेट | तंजानिया | 2025 |
| 5 | भारत | 22 साल 5 दिन | तिलक वर्मा | साउथ अफ्रीका | 2024 |
| 6 | भारत | 22 साल 7 दिन | तिलक वर्मा | साउथ अफ्रीका | 2024 |
| 7 | अफगानिस्तान | 22 साल 31 दिन | रहमानुल्लाह गुरबाज़ | UAE | 2023 |
| 8 | साउथ अफ्रीका | 22 साल 105 दिन | डेवाल्ड ब्रेविस | ऑस्ट्रेलिया | 2025 |
| 9 | पाकिस्तान | 22 साल 127 दिन | अहमद शहज़ाद | बांग्लादेश | 2014 |
| 10 | इंग्लैंड | 22 साल 133 दिन | जैकब बेथेल | भारत | 2026 |