
नई दिल्ली। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आज से आईपीएल के 11वें सीजन का आगाज हो रहा है। इसमें बस कुछ ही मिनट बचे हैं। पहले मुकाबले में दो बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला गत चैंपियन मुंबई इंडियंस से है। दो साल बाद वापसी कर रही चेन्नई सुपर किंग्स महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में जीत के इरादे से इस बार मैदान में उतरेगी।
452 दिन के बाद कप्तानी करते नजर आएंगे धोनी
आपको बता दें धोनी 452 दिन के बाद किसी भी टीम की कप्तानी करते नज़र आएंगे। धोनी के फैंस उनको एक बार फिर कप्तान के रूम में देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं। इतना ही नहीं उनकी टीम चेन्नई सुपर किंग्स 683 दिनों के बाद मैदान पर उतारेगी। साल 2013 में हुई स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों के चलते आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स को दो साल के लिए बैन कर दिया गया था। दो साल बाद मैदान में वापसी कर रहीं दोनों टीमों से उनके फैंस अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।
राजस्थान की भी आईपीएल में हुई वापसी
चेन्नई सुपर किंग्स ने इस साल अपनी टीम में बहुत से बदलाव किए हैं और एक नई टीम खड़ी की है। वहीं अगर बात की जाए राजस्थान रॉयल्स की तो आईपीएल शुरू होने से पहले ही राजस्थान सुर्ख़ियों में आ गई थी। इसकी वजह थी राजस्थान के कप्तान स्टीव स्मिथ, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में गेंद से छेड़खानी के आरोपों के चलते स्मिथ को ऑस्ट्रेलिया और राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी से इस्तीफा देना पड़ा। स्मिथ के बाद राजस्थान से अजिंक्य रहाणे को अपना कप्तान चुना है। इतना ही नहीं पांच साल बाद राजस्थान अपने सारे मैच अपने होम ग्राउंड जयपुर में खेलेगा।
मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच अब तक 22 मैच खेले गए हैं जिसमें 12 मैच मुंबई ने वहीं 10 मैच चेन्नई सुपर किंग्स ने जीते हैं। मुंबई तीन बार आईपीएल जीत चुका है वहीं चेन्नई ने भी दो बार ये ख़िताब होने नाम किया है।