क्रिकेट

क्या सूर्यकुमार यादव चोट से जूझ रहे हैं? SKY को बतौर ‘इम्पैक्ट सब’ खिलाने पर MI के हेड कोच का खुलासा

Suryakumar Yadav Injury: भले ही MI ने पहला मैच जीत लिया है, लेकिन इस मैच में बतौर इम्‍पैक्‍ट सब खेलने वाले सूर्यकुमार यादव सवालों के घेरे में हैं। इसी बीच मुंबई के हेड कोच ने साफ किया है कि यह कदम उन्‍हें आराम देने के लिए उठाया गया था, क्‍योंकि उनकी कमर के निचले हिस्‍से में जकड़न है।
2 min read
Mar 30, 2026
Suryakumar Yadav Injury
हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव। (फोटो सोर्स: IANS)

Suryakumar Yadav Injury: मुंबई इंडियंस (MI) की आईपीएल 2026 के पहले मैच की टीम शीट देखकर कुछ लोग हैरान रह गए। इससे पहले कि एक भी गेंद फेंकी जाती, भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव शुरुआती प्‍लेइंग 11 का हिस्‍सा नहीं थे। इसके बजाय उनका नाम 'इम्पैक्ट सब' (Impact Subs) की लिस्ट में था। यह थोड़ा हैरानी की बात थी, खासकर यह देखते हुए कि उन्होंने अभी-अभी भारत को खिताब जिताया था। क्या उन्हें कोई चोट लगी थी? क्या यह कोई रणनीति थी?

मैच खत्म होने तक मुंबई इंडियंस ने आसानी से 221 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। लेकिन, चर्चा का मुख्य विषय सूर्यकुमार की सीमित भूमिका ही रही। हेड कोच महेला जयवर्धने ने इस मुद्दे पर बात की और सारी अटकलों पर विराम लगाते हुए उनकी चोट को लेकर खुलासा किया।

'सूर्या को कमर के निचले हिस्‍से में जकड़न'

जयवर्धने ने साफ किया कि यह फैसला उनकी फॉर्म या टीम के संतुलन से जुड़ा हुआ नहीं था, बल्कि पूरी तरह से एक छोटी-मोटी फिटनेस समस्या को ठीक करने से जुड़ा था। उन्‍होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि हम बेवजह की बात नहीं बनाएंगे। टीम का माहौल बहुत अच्छा है और हर कोई खुश है। सूर्या ने कुछ अतिरिक्त दिन आराम करने के बाद हमारी टीम को जॉइन की है।

उन्‍होंने बताया कि सूर्या की कमर के निचले हिस्से (groin) में थोड़ी जकड़न थी। मुझे पता था कि इस मैच और अगले मैच के बीच मेरे पास पांच दिन का समय है। मैं बस उन्हें थोड़ा और आराम देना चाहता था। मैच के आखिर में वह तीन-चार ओवर खेलने के लिए तैयार भी थे, लेकिन मैंने कहा कि नहीं, सब ठीक है।

पिछले साल रोहित शर्मा को इम्‍पैक्‍ट सब खिलाने पर उठे थे सवाल

बता दें कि पिछले साल मुंबई के लिए रोहित शर्मा को ज्‍यादातर 'इम्पैक्ट सब' के तौर पर इस्तेमाल किया गया था। हिटमैन सिर्फ बल्लेबाजी करने आते थे और फील्डिंग नहीं करते थे। उस समय लगभग हर किसी ने उनकी फिटनेस पर सवाल उठाए थे। हालांकि, अब पिछले कुछ महीनों में रोहित ज्‍यादा फिट और चुस्त नजर आए हैं और उनका ध्यान भी खेल पर ज्‍यादा केंद्रित है। वह एक बेहतरीन कैचर भी हैं और साथ ही मैदान पर अपनी रणनीतिक सूझबूझ से दूसरे खिलाड़ियों की मदद भी करते हैं।

'ये सोच-समझकर लिए गए फैसले होते हैं'

मुंबई इंडियंस के कोच ने इस बात पर जोर दिया कि यह फैसला एहतियातन लिया गया था, खासकर इसलिए, क्योंकि अभी पूरा सीजन बाकी है। जयवर्धने ने कहा कि बात बस इतनी है कि मुझे एहतियात बरतनी पड़ती है। ये मेरे लिए बहुत कीमती खिलाड़ी हैं, जिन्हें मैं पूरे सीजन में खिलाना चाहता हूं। इसलिए, ये सोच-समझकर लिए गए फैसले होते हैं, जो मैं और मैनेजमेंट मिलकर लेते हैं। इसके अलावा और कोई बात नहीं है।

Updated on:
30 Mar 2026 12:49 pm
Published on:
30 Mar 2026 12:49 pm