MI vs LSG: मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच IPL 2025 का 45वां मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स टीम में मयंक यादव की वापसी हुई है।
Mayank Yadav Playing in MI vs LSG Match: मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच IPL 2025 का 45वां मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया। लखनऊ सुपर जायंट्स अपनी टीम में एक बदलाव किया है।
शार्दुल ठाकुर की जगह तेज गेंदबाज मयंक यादव को उतारा है। मयंक यादव ने मौजूदा आईपीएल सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं खेला है। वहीं, इस मुकाबले के लिए मुंबई इंडियंस ने दो बदलाव किए हैं। मुंबई इंडियंस ने मिचेल सैंटनर की जगह कर्ण शर्मा को मौका दिया है, जबकि कार्बिश बॉश मुंबई इंडियंस की ओर डेब्यू कर रहे हैं।
मयंक यादव ने IPL 2024 में सिर्फ चार मैच खेले थे और अपनी रफ्तार से बल्लेबाजों में खौफ पैदा कर दिया था। उन्होंने 156.7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंक खलबली मचा दी थी। उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2025 के लिए 11 करोड़ रुपए में रिटेन किया था।
पीठ की चोट के चलते मयंक यादव लंबे समय से मैदान से दूर रहे हैं। IPL 2025 में 27 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलने से पहले पिछले साल अक्टूबर में बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
IPL 2025 पॉइंट्स टेबल में मुंबई के खिलाफ इस भिड़ंत से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने कुल 9 मैच खेले और 5 जीत और 4 हार के साथ 10 अंक लेकर छठे पायदान पर है, जबकि मुंबई इंडियंस की टीम भी 9 मैच में 5 जीत और 4 हार के साथ 10 अंक लेकर नेट रन रेट के आधार पर 5वें नंबर पर काबिज है।