क्रिकेट

MI vs SRH: वानखेड़े में मुंबई इंडियंस ने लगाई रिकॉर्ड की झड़ी, जानें अंक तालिका में कहां पहुंची एमआई

IPL 2025, MI vs SRH Records: गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस ने आसान लक्ष्य को मुश्किल से तो हासिल कर लिया लेकिन कई साररे रिकॉर्ड बना दिए।

2 min read
Apr 18, 2025

IPL 2025, Mumbai Indians: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 33वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को 4 विकेट से हरा दिया। सनराइजर्स ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए, जिसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 18.1 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल करके एक अहम जीत दर्ज की। ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले विल जैक्स को जीत में मुख्य भूमिका अदा करने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड दिया गया।

इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस 7 मैचों में तीन मुकाबले जीतकर अंक तालिका में 7वें स्थान पर आ गई है, तो वहीं सनराइजर्स 9वें स्थान पर मौजूद है। सनराइजर्स के लिए आईपीएल 2025 कुछ खास नहीं रहा है क्योंकि वे 7 मैचों में सिर्फ दो ही मैच जीत पाए हैं। इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद इस सीजन की एकमात्र ऐसी टीम है जिसने घरेलू मैदान के बाहर कोई जीत दर्ज नहीं की है। यह मुकाबला भी मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था।

टॉप 6 बल्लेबाजों ने बनाया अजीब रिकॉर्ड

वहीं, वानखेड़े मुंबई इंडियंस की टीम के लिए मजबूत किले की तरह रहा है, जहां उन्होंने चेज करते हुए 29वीं जीत दर्ज की है। आईपीएल में किसी और टीम ने किसी एक मैदान पर लक्ष्य का पीछा करते हुए इतनी जीत दर्ज नहीं की है। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स का नाम आता है, जिन्होंने ईडन गार्डन्स में चेज करते हुए 28 बार जीत दर्ज की है। इस मैच में एक दुर्लभ संयोग भी देखने के लिए मिला, जब मुंबई इंडियंस के टॉप-6 बल्लेबाजों ने 20 या उससे ज्यादा रन बनाए। आईपीएल के इतिहास में ऐसा केवल दूसरी बार हुआ है। खास बात यह है कि इससे पहले भी ऐसा मुंबई इंडियंस ने ही किया था और यह मुकाबला भी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेला (आईपीएल 2024) गया था।

मुंबई इंडियंस के लिए जीत के अलावा एक और राहत की बात रोहित शर्मा के बढ़ते क्रम में दर्ज किए गए स्कोर हैं। रोहित शर्मा ने आईपीएल 2025 की शुरुआत शून्य से की थी। इसके बाद वह 8, 13, 17, 18 और अब 26 रनों की पारी खेल चुके हैं। बढ़ते क्रम में बने ये स्कोर अगर स्थिर रहे तो रोहित से अगले मैचों में 26 रनों से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। रोहित शर्मा ने इस मैच में 16 गेंदों पर 26 रन की पारी खेली।

रोहित शर्मा ने पूरा किया छक्कों का शतक

रोहित शर्मा ने वानखेड़े में छक्कों का शतक भी पूरा कर लिया है। रोहित वानखेड़े में 102 छक्के भी लगा चुके हैं। किसी और बल्लेबाज ने आईपीएल में इस मैदान पर इतने छक्के नहीं लगाए हैं। आईपीएल में एक मैदान पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी में 130 छक्के लगाए हैं। क्रिस गेल भी बेंगलुरु में आईपीएल करियर में 127 छक्के लगा चुके हैं। एबी डिविलियर्स के नाम बेंगलुरु में 118 छक्कों का रिकॉर्ड है। रोहित एक मैदान पर आईपीएल में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में चौथे स्थान पर आ चुके हैं।

Also Read
View All

अगली खबर