क्रिकेट

10 साल के करियर में एक मैच खेलने के लिए तरसा ये खिलाड़ी, उसे ही Pakistan Cricket Team ने बना दिया बैटिंग कोच

Michael Smith Stats: साउथ अफ्रीका के पूर्व अनकैप्ड क्रिकेटर माइकल स्मिथ को पाकिस्तान पुरुष क्रिकेट टीम का नया बैटिंग कोच नियुक्त किया गया है। पीसीबी ने उन्हें 2 साल का कॉन्ट्रैक्ट दिया है। बिना इंटरनेशनल मैच खेले पाकिस्तान के कोच बनने वाले स्मिथ, माइक हेसन के बाद दूसरे ऐसे शख्स हैं।
2 min read
Aug 04, 2026
Pakistan Cricket Coach
पाकिस्तान क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)

Pakistan Cricket New Batting Coach: साउथ अफ्रीका के पूर्व फर्स्ट क्लास क्रिकेटर माइकल स्मिथ को पाकिस्तान ने अपनी मेंस क्रिकेट टीम का नया बैटिंग कोच नियुक्त किया है। यह दूसरा मौका है जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने किसी ऐसे खिलाड़ी को राष्ट्रीय टीम के कोचिंग की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसने अपने करियर में एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। इससे पहले न्यूजीलैंड के माइक हेसन इस पद पर रह चुके हैं, जिन्होंने कभी कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला था।

10 साल में नहीं खेल पाए एक मैच

माइकल स्मिथ का मामला भी कुछ वैसा ही है। 10 साल के अपने क्रिकेट करियर के दौरान उन्होंने कई फर्स्ट क्लास मैच खेले, लेकिन वे अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के लिए तरसते ही रह गए। पीसीबी ने माइकल स्मिथ को 2 साल के कॉन्ट्रैक्ट पर टीम से जोड़ा है। वह टेस्ट के साथ-साथ वनडे टीम के भी बैटिंग कोच होंगे।

आपको बता दें कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम में लंबे समय से कोई स्थायी बैटिंग कोच नियुक्त नहीं हुआ था। वहीं दूसरी ओर, टेस्ट टीम के लिए बोलिंग कोच की जिम्मेदारी उमर गुल संभाल रहे हैं, जबकि बैटिंग कोच की भूमिका में अक्सर राष्ट्रीय चयनकर्ता असद शफीक नजर आते थे। हालांकि, अब अगले 2 सालों के लिए माइकल स्मिथ यह जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं।

कोचिंग का ढेर सारा अनुभव

भले ही माइकल स्मिथ ने साउथ अफ्रीका के लिए कोई इंटरनेशनल मैच न खेला हो, लेकिन उनके पास कोचिंग का खासा अनुभव है। इससे पहले वह फ्रेंचाइजी सर्किट में पाकिस्तान क्रिकेट से जुड़कर काम कर चुके हैं। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में वह इस्लामाबाद यूनाइटेड, कराची किंग्स और मुल्तान सुल्तांस जैसी टीमों के लिए कोचिंग कर चुके हैं। इसके अलावा वह ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में होबार्ट हरिकेंस और क्रिकेट तस्मानिया के लिए भी बैटिंग कोच के रूप में काम कर चुके हैं।

माइकल स्मिथ के आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने 89 फर्स्ट क्लास मैचों में 33 की औसत से 4,867 रन बनाए हैं। वहीं, 72 लिस्ट-ए मुकाबलों में उन्होंने लगभग 29 की औसत से 1,883 रन दर्ज किए हैं। उन्होंने अपना आखिरी फर्स्ट क्लास मैच साल 2013 में खेला था, जबकि 2003 में सेंचुरियन में अपना डेब्यू किया था। इन 10 सालों में उन्हें कभी भी दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रीय टीम में शामिल नहीं किया गया।

अब देखना यह होगा कि इस नए कोच के आने से पाकिस्तान की बैटिंग लाइनअप में सुधार होता है या नहीं। फिलहाल पाकिस्तान की टीम वेस्टइंडीज दौरे पर है, जहां वह दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रही है। पहले टेस्ट में हार के बाद दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

Updated on:
04 Aug 2026 01:22 pm
Published on:
04 Aug 2026 01:22 pm