
बाबर आजम (फोटो- IANS)
Babar Azam in WI vs PAK 2nd Test: पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल में खेले जा रहे पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टेस्ट मैच में बाबर आजम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पलट दिया है। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 2 विकेट के नुकसान पर 266 रन बना लिए हैं। इससे पहले वेस्टइंडीज की पहली पारी में 344 रन पर ऑलआउट हो गई। पहली पारी के आधार पर पाकिस्तान अब सिर्फ 78 रन पीछे है। फिलहाल बाबर आजम 86 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि उनके साथ अब्दुल्ला शफीक 107 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
मुकाबले के पहले दिन वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और 120 रन के स्कोर पर ही उसके 4 विकेट गिर चुके थे। इसके बाद रोस्टन चेज और जस्टिन ग्रीव्स ने मिलकर पारी को संभाला। रोस्टन चेज 70 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जस्टिन ग्रीव्स ने 73 रनों का योगदान दिया। इन दोनों के पवेलियन लौटते ही वेस्टइंडीज की पूरी टीम 344 रनों पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान के लिए साजिद खान ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए, जबकि अली उस्मान, उबेद शाह और मोहम्मद अली को 2-2 सफलताएं मिलीं।
जवाब में पाकिस्तान की शुरुआत भी खास नहीं रही और सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद अजान ओवैस ने अर्धशतक जमाकर पारी को संभाला और फिर अब्दुल्ला शफीक ने शानदार शतक जड़ा। ओवैस के आउट होने के बाद क्रीज पर आए बाबर आजम ने अब्दुल्ला शफीक के साथ मिलकर पाकिस्तान को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान काफी मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है। अगर पाकिस्तान पहली पारी में बड़ी बढ़त बना लेता है, तो उसके पास यह टेस्ट जीतने का बेहतरीन मौका होगा। आपको बता दें कि अगर बाबर आजम इस मैच में शतक पूरा कर लेते हैं, तो यह 4 साल बाद विदेशी सरजमीं पर उनका पहला टेस्ट शतक होगा। इससे पहले उन्होंने साल 2022 में गॉल टेस्ट में श्रीलंका के खिलाफ विदेशी सरजमीं पर शतक (119 रन) जड़ा था।
Updated on:
04 Aug 2026 08:24 am
Published on:
04 Aug 2026 08:24 am
