क्रिकेट

क्या पाकिस्तान को मिलेगा नया टेस्ट कोच? इंग्लैंड से 3-0 की हार के बाद माइक हेसन ने दिए संकेत

Mike Hesson on Pakistan Test Coach: इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 3-0 से क्लीन स्वीप किया। जानिए माइक हेसन ने टेस्ट टीम की कोचिंग को लेकर क्या संकेत दिए। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
2 min read
Sep 13, 2026
Mike Hesson Latest Update.
पाकिस्ता के व्हाइट बॉल कोच माइक हेसन। (Photo- IANS)

Mike Hesson: इंग्लैंड ने बर्मिंघम टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली है। यह पहला अवसर है, जब इंग्लैंड की टीम घरेलू सरजमीं पर पाकिस्तान को क्लीन स्वीप करने में सफल रही है। उधर, पाकिस्तानी टीम के खराब प्रदर्शन को देखते हुए माइक हेसन को टेस्ट टीम की बागडोर भी सौंपी जा सकती है। इसके संकेत खुद पाकिस्तान की व्हाइट-बॉल टीम के कोच ने दिए हैं। पाकिस्तान की व्हाइट-बॉल टीम के कोच माइक हेसन ने कहा कि उन्होंने अभी तक टेस्ट टीम की कोचिंग की संभावना पर ज्यादा विचार नहीं किया है, लेकिन अगर ऐसा प्रस्ताव आता है तो वह इसके लिए तैयार हैं।

इस संबंध में एजबेस्टन टेस्ट के बाद उन्होंने कहा, 'करीब एक सप्ताह बाद एशियन गेम्स होने हैं। फिलहाल व्हाइट-बॉल क्रिकेट के लिहाज से मेरा मुख्य ध्यान उसी पर है। इसके बाद जब समय आएगा, तब मुझे लगता है कि टेस्ट टीम को आगे कैसे बढ़ाना है, इस पर हमारी कुछ चर्चाएं हो चुकी होंगी। हां, मैं इसके लिए निश्चित रूप से तैयार रहूंगा। मुझे टेस्ट क्रिकेट पसंद है। मुझे लगता है कि पाकिस्तान के सिस्टम में पर्याप्त प्रतिभा मौजूद है। अगर हम उन्हें सही दिशा दे सकें तो आगे बढ़ने की काफी गुंजाइश है। हालांकि, यह एक-दो मैच में नहीं होने वाला है। लेकिन टीम में ऐसी प्रतिभा है, जिसकी जिम्मेदारी संभालने पर मैं निश्चित रूप से विचार करूंगा।'

इंग्लैंड टीम का भी मिला था प्रस्ताव

माइक हेसन ने यह भी खुलासा किया कि न्यूजीलैंड सीरीज के बाद उन्हें इंग्लैंड टेस्ट टीम के कोच ब्रेंडन मैक्कुलम की जगह लेने के लिए इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की ओर से संपर्क किया गया था। हालांकि, उन्होंने पाकिस्तान के साथ अपनी प्रतिबद्धता जारी रखने का फैसला किया।

सरफराज अहमद पर क्यों गिरी थी गाज?

इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान की टीम ने शुरुआती दोनों टेस्ट गंवा दिए थे। ऐसे में टीम के खराब प्रदर्शन के चलते PCB ने कड़ा फैसला लेते हुए सरफराज अहमद और उमर गुल को कोचिंग जिम्मेदारियों से हटा दिया था। साथ ही सात खिलाड़ियों को भी टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने माइक हेसन को बर्मिंघम में खेले गए तीसरे टेस्ट की जिम्मेदारी सौंपी थी। हालांकि, पाकिस्तान को तीसरे मैच में भी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन पिछले मुकाबले की अपेक्षा मेहमान टीम का प्रदर्शन बेहतर रहा।

WTC पॉइंट टेबल में पाकिस्तान

इंग्लैंड से हार के बाद पाकिस्तान फिलहाल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र की अंक तालिका में सबसे नीचे है। टीम को नवंबर में श्रीलंका के खिलाफ घरेलू मैदान पर दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। वहीं, न्यूजीलैंड का 2027 में पाकिस्तान दौरा भी प्रस्तावित है, हालांकि उसकी तारीखें अभी तय नहीं हुई हैं।

Updated on:
13 Sept 2026 12:23 pm
Published on:
13 Sept 2026 12:23 pm