क्रिकेट

Mitchell Santner: मिचेल सैंटनर को मिला बिग बैश लीग का ऑफर, फिर भी कीवी कप्तान ने क्यों ठुकराया कॉन्ट्रैक्ट?

Mitchell Santner Says No to Adelaide Strikers: न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने एडिलेड स्ट्राइकर्स के बड़े BBL ऑफर को ठुकरा दिया। जानिए उन्होंने इस फैसले की क्या वजह बताई।
2 min read
Sep 10, 2026
Mitchell Santner Latest News
न्यूजीलैंड के व्हाइट-बॉल कप्तान मिचेल सैंटनर। (Photo - IANS)

Mitchell Santner rejected BBL offer: न्यूजीलैंड के व्हाइट-बॉल कप्तान मिचेल सैंटनर को बिग बैश लीग (BBL) में एडिलेड स्ट्राइकर्स की ओर से बड़ा ऑफर दिया गया था, लेकिन उन्होंने उसे ठुकरा दिया है। इस संबंध में उन्होंने 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' से बातचीत में कहा कि आगामी गर्मियों के सीजन को देखते हैं तो भारत के साथ व्हाइट-बॉल और टेस्ट मैच, जबकि ऑस्ट्रेलिया के साथ भी सीरीज है। इससे बड़ी कोई और चीज नहीं हो सकती है। यह काफी रोमांचक समय है। मैं इसका हिस्सा बने रहना चाहता हूं।

मिचेल सैंटनर बोले- 'अच्छा ऑफर था'

मिचेल सैंटनर ने कहा, 'मैं झूठ नहीं बोलूंगा, ऑफर अच्छा था। मैंने इस बारे में सोचा जरूर, लेकिन आगामी इंटरनेशनल मुकाबलों को देखते हुए, भले ही मैं टेस्ट क्रिकेट का हर मैच नहीं खेलूं, मुझे लगता है कि मेरे लिए भूमिका है।'

कप्तानी की भूमिका के बारे में बात करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि वह लीडरशिप की भूमिका में बने रहना चाहते हैं। हालांकि, अगर यह डील का हिस्सा होता तो मेरे लिए फैसला लेना बहुत आसान होता। फिलहाल मेरे लिए बिना सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के कप्तानी करने की कोशिश करना, मुझे नहीं पता कि इस पड़ाव पर सही रहेगा या नहीं।

भारत का न्यूजीलैंड दौरा कब?

भारतीय टीम का न्यूजीलैंड दौरा अक्टूबर से शुरू होगा। इस दौरे पर भारत मेजबान टीम से 5 टी-20, 5 वनडे और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा। इसके बाद कीवी टीम चार मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना होगी।

बता दें कि न्यूजीलैंड के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में खिलाड़ियों के लिए जनवरी में सुपर स्मैश के लिए उपलब्ध होना अनिवार्य है। यह घरेलू प्रतियोगिता BBL और दक्षिण अफ्रीका की SA20 से टकराती है। इसके चलते न्यूजीलैंड के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट वाले खिलाड़ियों के लिए विदेशी लीग के प्रति प्रतिबद्धता जताना मुश्किल हो जाता है।

ऐसे में न्यूजीलैंड के कई खिलाड़ियों ने कैजुअल अनुबंधों का विकल्प चुना है, क्योंकि इंटरनेशनल प्रतिबद्धताओं के लिए उपलब्ध रहते हुए विदेशी लीग में खेलने की स्वतंत्रता रहती है। इस संबंध में मिचेल सैंटनर का मानना है कि साथी खिलाड़ियों को कैजुअल अनुबंध चुनने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, जब फ्रेंचाइजी क्रिकेट में मिलने वाले वित्तीय पुरस्कार अंतरराष्ट्रीय स्तर की तुलना में आकर्षक हों।

Updated on:
10 Sept 2026 05:16 pm
Published on:
10 Sept 2026 05:16 pm