
Mitchell Starc 6 Wickets Hall, AUS vs BAN Mackay Test: मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में छह विकेट चटकाकर बड़ा कारनामा तो किया ही, साथ ही पहली गेंद पर शदमन इस्लाम को आउट कर इतिहास रच दिया। इस विकेट के साथ ही मिचेल स्टार्क टेस्ट इतिहास में मैच की पहली गेंद पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने वेस्टइंडीज के पेड्रो कॉलिन्स के रिकॉर्ड को तोड़ा, जिन्होंने यह कारनामा तीन बार किया था।
पेड्रो कॉलिन्स ने वेस्टइंडीज के लिए 32 टेस्ट में 106 विकेट चटकाए थे। उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला भारत के खिलाफ साल 2006 में खेला था और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1999 में डेब्यू किया था। अपने टेस्ट करियर के दौरान वह मैच की पहली गेंद पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे। उन्होंने तीन बार यह कारनामा किया था। मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ पहली गेंद पर विकेट हासिल कर उनका रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।
इसके अलावा स्टार्क ने इस मुकाबले में सिर्फ 22 गेंदों में बांग्लादेश की आधी टीम को पवेलियन भेज दिया था। उन्होंने सबसे पहले शदमन इस्लाम को आउट किया। उसके बाद तंजिद हसन, नजमुल हुसैन शांतो, मोमिनुल हक और लिटन दास को पवेलियन की राह दिखाई। तब बांग्लादेश का स्कोर सिर्फ 12 रन था। इससे पहले स्टार्क ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों में 5 विकेट हॉल पूरा कर लिया था। मैकेय टेस्ट में 22 गेंदों में स्टार्क ने ये कारनामा कर दुनिया को बता दिया कि ऑस्ट्रेलिया हार के बाद कितनी खतरनाक हो जाती है।
स्टार्क ने बांग्लादेश की पहली पारी में सिर्फ 10 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 6 ओवर मेडन डाले, 12 रन दिए और छह विकेट अपने नाम किए। स्टार्क के अलावा पैट कमिंस ने 10 ओवर की गेंदबाजी की और 25 रन देकर तीन विकेट चटकाए। वहीं, जोश हेजलवुड ने 11 ओवर में दो मेडन डालते हुए 18 रन दिए और एक सफलता अपने नाम की। नाथन वेबस्टर को भी तीन ओवर डालने का मौका मिला, लेकिन उन्होंने 8 रन दिए और उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।