
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (Photo - IANS)
AUS vs BAN 2nd Test Mackay Update: पहले टेस्ट में शर्मनाक हार के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट में शानदार वापसी की है और बांग्लादेश को पहली पारी में 64 रन पर ही ढेर कर दिया। मिचेल स्टार्क ने सिर्फ 12 रन देकर 6 विकेट चटकाए, तो पैट कमिंस ने तीन विकेट लिए। वहीं, एक विकेट जोश हेजलवुड के नाम रहा। यह बांग्लादेश क्रिकेट इतिहास का टेस्ट में चौथा सबसे छोटा स्कोर है। वेस्टइंडीज के खिलाफ 2018 में बांग्लादेश की टीम सिर्फ 43 रन पर ढेर हो गई थी।
शदमन इस्लाम और तंजिद हसन ने बांग्लादेश की पारी की शुरुआत की, लेकिन दोनों को ही मिचेल स्टार्क ने तीन गेंद के भीतर पवेलियन की राह दिखा दी। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को पहली गेंद पर उन्होंने एलबीडब्ल्यू कर दिया। इसके बाद उन्होंने मोमिनुल हक को 9 रन के स्कोर पर पवेलियन की राह दिखाई। मिचेल स्टार्क ने लिटन दास को आउट कर बांग्लादेश की आधी टीम अकेले समेट दिया। तब बांग्लादेश का स्कोर सिर्फ 12 रन था। इसके बाद पैट कमिंस ने उनके साथ मिलकर विरोधी टीम के मिडिल और लोअर ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया।
इसके बाद मेहदी हसन मिराज, हसन महमूद और तैजुल इस्लाम ने दहाई के आंकड़े को पार जरूर किया, जिससे टीम 50 के पार पहुंचने में सफल रही। मिचेल स्टार्क ने शोरफुल इस्लाम को एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराकर बांग्लादेश की पहली पारी को 64 रन पर ढेर कर दिया।
आपको बता दें कि पहले मुकाबले में बांग्लादेश ने ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। उसने ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया के घर में पहली बार और टेस्ट इतिहास में ऑस्ट्रेलिया को दूसरी बार हराया था, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया पर क्लीन स्वीप का खतरा मंडराने लगा था। दूसरे टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन में बड़ा बदलाव किया और ओपनर जैक वेदराल्ड की जगह मैथ्यू रेनशॉ को शामिल किया। हालांकि, मैथ्यू रेनशॉ की पारी बारी आती, उससे पहले ही ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने बांग्लादेश की पहली पारी का काम तमाम कर दिया। अब जिस तरह से दूसरे टेस्ट की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने गेंदबाजी की है, उसे देखते हुए बांग्लादेश की वापसी की उम्मीद कम ही नजर आ रही है।
Updated on:
22 Aug 2026 09:37 am
Published on:
22 Aug 2026 09:37 am
