क्रिकेट

जसप्रीत बुमराह की जगह मोहम्मद सिराज को मिली टी20 टीम में जगह

दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए बुमराह के विकल्प के तौर पर मोहम्मद सिराज को चुने जाने के बाद यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि सिराज को टी20 वर्ल्ड कप में भी जगह मिल सकती है। लेकिन वर्ल्ड कप के लिए रिजर्व में मोहम्मद शमी हैं। ऐसे में शमी से पहले सिराज को चुनना ठीक नहीं होगा।

2 min read

Mohammad siraj replace Jasprit bumrah: भारत को ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले एक बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह कमर की चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए है। साथ ही बुमराह दक्षिण अफ्रीका के साथ चल रही तीन मैचों की टी20 सीरीज से भी बाहर हो गए हैं। ऐसे में उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर इस सीरीज के लिए मोहम्मद सिराज को चुना गया है। माना जा रहा था कि कोविड की नेगेटिव रिपोर्ट आने के बाद मोहम्मद शमी को मौका दिया जा सकता है। लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें और आराम दिया है।

दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए बुमराह के विकल्प के तौर पर मोहम्मद सिराज को चुने जाने के बाद यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि सिराज को टी20 वर्ल्ड कप में भी जगह मिल सकती है। लेकिन वर्ल्ड कप के लिए रिजर्व में मोहम्मद शमी हैं। ऐसे में शमी से पहले सिराज को चुनना ठीक नहीं होगा। बीसीसीआई के पास बुमराह का रिप्लेसमेंट चुनने के लिए 15 अक्टूबर तक का समय है। लेकिन बीसीसीआई 6 अक्टूबर से पहले ही बुमराह के रिप्लेसमेंट का एलान करना चाहेगा। इसकी वजह यह है कि भारतोया टीम वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिए 6 अक्टूबर को ही ऑस्ट्रेलिया की उड़ान भरेगी। ऐसे में बुमराह के रिप्लेसमेंट को भी टीम इंडिया के साथ ही ऑस्ट्रेलिया भेज दिया जाएगा।

एशिया कप में गेंदबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मोहम्मद शमी को टीम इंडिया में वापस बुलाया गया था। भारत लगातार डेथ में कमजोर गेंदबाजी कर रहा है। ऐसे में शमी एक अच्छा विकल्प हैं। शमी के अलावा दीपक चाहर को भी विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। मोहम्मद सिराज ने हाल ही में काउंटी क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। सिराज को ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर खेलने का अनुभव भी है। ऑस्ट्रेलिया में अपने डेब्यू के बाद से ही सिराज ने पीछे मुड़कर नहीं देखा है और वह अब भारतीय टेस्ट टीम का भी अहम हिस्सा बने हुए हैं।

सिराज को जब भी मौका मिला है उन्होंने भारत के लिए अपना बेस्ट देने की कोशिश की है। सिराज ने भारत के लिए अबतक 13 टेस्ट, 10 वनडे और 5 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भाग लिया है। टेस्ट क्रिकेट में सिराज ने 30.77 की औसत से 40 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उनका पारी में बेस्ट प्रदर्शन 73 रन देकर पांच विकेट रहा है। वनडे इंटरनेशनल की बात करें तो सिराज ने 31.07 के एवरेज से 13 विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा टी20 इंटरनेशनल में सिराज के नाम पर पांच विकेट दर्ज हैं।

Updated on:
30 Sept 2022 09:41 am
Published on:
30 Sept 2022 09:39 am
Also Read
View All