क्रिकेट

SMAT 2026: भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी होंगे आमने सामने, जानें कब और कहां देखें लाइव मैच

Syed Mushtaq Ali Trophy 2026 में 24 नवंबर को उत्तर प्रदेश और बंगाल के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में सबकी निगाहें मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार पर होंगी। भुवनेश्वर अब तक 8 विकेट ले चुके हैं, जबकि शमी के नाम 5 मैचों में 4 विकेट हैं।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 10:37 PM IST
Mohammed Shami and Bhuvneshwar Kumar
मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार (फोटो- IANS)

UP vs Bengal, SMAT 2026: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के छठे लीग के मुकाबले 24 नवंबर को खेले जाएंगे, जहां उत्तर प्रदेश और बंगाल के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिल सकती है। इस मुकाबले में मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार के बीच टक्कर देखने को मिलेगी। अब तक भुवनेश्वर का प्रदर्शन शानदार रहा है, तो वहीं शमी ने भी कई बेहतरीन स्पैल डालें हैं। भुवनेश्वर कुमार का न्यूजीलैंड दौरे पर प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था, लेकिन SMAT में अब तक अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे हैं। दूसरी ओर मोहम्मद शमी लगातार टीम इंडिया में वापसी के लिए जोर लगा रहे हैं।

UP-बंगाल की स्थिति एक जैसी

दोनों टीमों के प्रदर्शन की बात की जाए तो यूपी और बंगाल ने पांच-पांच मुकाबले खेले हैं और तीन-तीन में जीत हासिल की है। दोनों के पास 12-12 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट में उत्तर प्रदेश की टीम काफी पीछे है, जिसकी वजह से वह चौथे स्थान पर है, जबकि बंगाल की टीम तीसरे स्थान पर है। इस ग्रुप में बड़ौदा की टीम 5 में से चार मुकाबले जीतकर पहले स्थान पर है, तो राजस्थान ने भी 5 में से 4 में जीत हासिल की है और 16 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।

कब और कहां देखें लाइव मैच

यह मुकाबला मुंबई की शरद पवार क्रिकेट अकादमी में खेला जाएगा, जो सुबह 9 बजे शुरू होगा। इस मुकाबले को जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देखा जा सकता है।

इस टूर्नामेंट में भुवनेश्वर की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और पहले ही मुकाबले में उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा था। लेकिन दूसरे मुकाबले में उन्होंने शानदार वापसी की और दो विकेट चटकाए। तीसरे मुकाबले में भुवनेश्वर को विकेट नहीं मिला, लेकिन चौथे और पांचवें मुकाबले में उन्होंने तीन-तीन विकेट चटकाकर अपनी टीम को लगातार दो जीत दिलाईं।

शमी का SMAT में प्रदर्शन

SMAT में बंगाल के लिए शमी का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने पहले मुकाबले में कर्नाटक के खिलाफ एक विकेट चटकाया था, लेकिन टीम को 19 रन से हार का सामना करना पड़ा था। चंडीगढ़ के खिलाफ बंगाल ने 85 रन से जीत हासिल की, जिसमें शमी को एक विकेट मिला। तीसरे मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन झारखंड के खिलाफ बंगाल ने सात विकेट से जीत हासिल की, लेकिन इस मुकाबले में शमी को एक भी विकेट नहीं मिला। चौथे और पांचवें मुकाबले में शमी को एक-एक विकेट मिला। चौथा मुकाबला मिजोरम के खिलाफ खेला गया था, जहां बंगाल ने 93 रन से जीत हासिल की, लेकिन पांचवें मुकाबले में उसे बड़ौदा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

अब तक शमी ने पांच मुकाबलों में चार विकेट हासिल किए हैं, तो वहीं भुवनेश्वर ने 8 विकेट चटकाए हैं। अब देखना यह होगा कि इस मुकाबले में इन दोनों गेंदबाजों का प्रदर्शन कैसा रहता है।