क्रिकेट

IND vs WI: ईशान किशन के पास इतिहास बदलने का मौका, वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में सबसे आगे निकलने का मौका

IND vs WI T20 Series 2026: टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन शानदार फॉर्म में चल रहे है और वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज में उनके पास बड़ा कारनामा करने का मौका है।
2 min read
• •
Oct 06, 2026
Ishan Kishan
ईशान किशन (फोटो- IANS)

Most T20I Runs in Calendar Year for India: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज में ईशान किशन के पास टीम इंडिया के टी20 इतिहास को बदलने का मौका है। एक कैलेंडर ईयर में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम है, जिन्होंने साल 2022 में यह कारनामा किया था। उस साल उन्होंने दो शतकीय पारियां खेली थीं और 31 मैचों में 46.56 की औसत से 1,164 रन बनाए थे, जिसमें 117 रन की सबसे बड़ी पारी भी शामिल थी। उस साल उनका स्ट्राइक रेट 188 के आसपास का था।

इतिहास बदलने से 160 रन दूर

ईशान किशन इस साल 29 मैच खेल चुके हैं और 1,005 रन बना चुके हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में अगर वह 160 रन और बना लेते हैं तो सूर्यकुमार यादव को पछाड़कर इस मामले में नंबर-1 बन जाएंगे। ईशान किशन का औसत इस साल 37.5 का रहा है और उनका स्ट्राइक रेट 170 के आसपास का है। इस दौरान उन्होंने एक शतकीय पारी भी खेली है।

इसके अलावा इस रेस में अभिषेक शर्मा भी शामिल हैं, लेकिन वह काफी पीछे हैं। अभिषेक ने 29 मैचों में 811 रन बनाए हैं और उनका औसत लगभग 29 का रहा है। हालांकि, उनका स्ट्राइक रेट 205 से भी ऊपर का रहा है। सूर्यकुमार यादव के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए इस सीरीज में अभिषेक शर्मा को 354 रन बनाने होंगे और जिस तरीके से अभिषेक शर्मा का फॉर्म चल रहा है, उसे देखते हुए यह काम ज्यादा मुश्किल नहीं लगता है।

कैलेंडर ईयर में भारतीय खिलाड़ियों के सबसे ज्यादा रन

खिलाड़ीमैचरनसर्वोच्च स्कोरऔसतस्ट्राइक रेट
सूर्यकुमार यादव (2022)31116411746.56187.43
ईशान किशन (2026)291005*10337.22169.47
अभिषेक शर्मा (2025)2185913542.95193.46
अभिषेक शर्मा (2026)29811*10828.96205.83
विराट कोहली (2022)20781122*55.78138.23

आपको बता दें कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला 9 अक्टूबर को रांची में, जबकि 11 अक्टूबर को तीसरा मुकाबला इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद चौथा मुकाबला 14 अक्टूबर को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा। वहीं, 17 अक्टूबर को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सीरीज का पांचवां और आखिरी टी20 मुकाबला खेला जाएगा।

ये सभी मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से शुरू होंगे, जिन्हें आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर लाइव देख सकते हैं। इसके अलावा इन मैचों का सीधा प्रसारण फ्री डिश के डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर भी किया जाएगा।

Updated on:
06 Oct 2026 10:50 am
Published on:
06 Oct 2026 10:50 am