क्रिकेट

MS Dhoni Birthday: मुर्गे और सब्जी बेचकर करोड़ों कमाते हैं महेंद्र सिंह धोनी, खेल ही नहीं खेती और बिजनेस में भी एक्सपेर्ट हैं माही

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद धोनी अब सिर्फ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलते नजर आते हैं। हालांकि 2026 के सीजन में वे चोट के चलते नहीं खेल पाये। इसके अलावा वे लाइमलाइट से दूर रहते हैं और रांची में खेती और पॉल्ट्री फार्मिंग में व्यस्त रहते हैं।
2 min read
Jul 07, 2026
MS dhoni
पूर्व भारतीय कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी (photo - BCCI)

Ms Dhoni Birthday Special: पूर्व भारतीय कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी आज यानी 7 जुलाई को अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं। 1981 को जन्मे धोनी ने 15 साल के अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। ‘कैप्टन कूल’ के नाम से मशहूर धोनी ने कप्तानी में भारतीय टीम को तीन आईसीसी ट्रॉफी दिलाईं। उन्होंने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और एक अलग पहचान बनाई।

लाइमलाइट से दूर रहते हैं धोनी

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद धोनी अब सिर्फ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलते नजर आते हैं। हालांकि 2026 के सीजन में वे चोट के चलते नहीं खेल पाये। इसके अलावा वे लाइमलाइट से दूर रहते हैं और रांची में खेती और पॉल्ट्री फार्मिंग में व्यस्त रहते हैं।

कड़कनाथ मुर्गे का भी बिजनेस धोनी

धोनी के पास 43 एकड़ में फैला खूबसूरत फार्म हाउस है, जिसमें से 38 एकड़ पर वे खेती करते हैं। अपने फार्म में वे विभिन्न प्रकार की सब्जियां और फल उगाते हैं। इसके अलावा वे कड़कनाथ मुर्गे का भी बिजनेस करते हैं। धोनी काफी समय से पोल्ट्री फार्मिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अप्रैल 2022 में उन्होंने अपने फार्म हाउस से मध्य प्रदेश की एक सहकारी संस्था को 2,000 कड़कनाथ मुर्गे के चूजों का ऑर्डर दिया था। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के तत्कालीन जिलाधिकारी सोमेश मिश्रा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में इस जानकारी की पुष्टि की थी।

क्या है कड़कनाथ मुर्गा

कड़कनाथ नस्ल के चूजों की कीमत उम्र के अनुसार अलग-अलग है। एक दिन के चूजे की कीमत करीब 75 रुपये, 15 दिन के 90 रुपये और 28 दिन के चूजे 120 रुपये में मिलते हैं। कड़कनाथ मुर्गे प्रोटीन से भरपूर माने जाते हैं और आम मुर्गों की तुलना में काफी महंगे होते हैं। दिल्ली में ऑनलाइन ग्रॉसरी ऐप पर कड़कनाथ का एक अंडा 50 रुपये में बिकता है, जबकि इसका मांस 1,500 रुपये प्रति किलो तक मिलता है।

फलों की खेती भी करते हैं धोनी

धोनी अपने फार्म में अनानास, बेर, आम, अमरूद और पपीते जैसे फलों की खेती भी करते हैं। सब्जियों में टमाटर, मटर, ब्रोकोली, कद्दू आदि उगाई जाती हैं। उन्होंने स्ट्रॉबेरी की खेती भी एक एकड़ से अधिक क्षेत्र में की है। धोनी का फार्म ऑर्गेनिक फार्मिंग के लिए जाना जाता है। यहां बिना कीटनाशकों के खेती की जाती है और खाद के रूप में केवल गाय के गोबर का उपयोग होता है। इसके अलावा उनके फार्म में डेरी भी है, जहां साहीवाल, एचएफ और देशी नस्लों की 73 गायें हैं। इस डेरी से आसपास के कई इलाकों में दूध की सप्लाई की जाती है।

धोनी का अंतरराष्ट्रीय करियर

धोनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में कुल 538 मैच खेले थे। उन्होंने 90 टेस्ट मैचों में 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए थे। टेस्ट में उनके नाम 1 दोहरा शतक, 6 शतक और 33 अर्धशतक दर्ज हैं। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 350 मैचों में 50.58 की औसत से 10,773 रन बनाए हैं, जिसमें उनके 10 शतक और 73 अर्धशतक शामिल रहे। अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर में उन्होंने 98 मैचों में 37.60 की औसत से 1,617 रन बनाए थे।

वनडे क्रिकेट में धोनी दुनिया के तीसरे सबसे सफल विकेटकीपर भी हैं। उन्होंने टेस्ट 256 कैच लिए और 38 स्टंपिंग की। वनडे में उन्होंने 321 कैच लिए और 123 स्टंपिंग की। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय टी20 में उन्होंने 57 कैच लिए और 34 स्टिंपिंग की।

Published on:
07 Jul 2026 08:50 am