MSK Prasad ने साथ में यह भी कहा कि यह गोपनीय मामला है। इसलिए इस बारे में वह इससे ज्यादा कुछ और नहीं कहेंगे।
नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सीनियर चयन समिति के नए मुख्य चयनकर्ता का ऐलान कर दिया है। अपना कार्यकाल समाप्त कर चुके मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद (MSK Prasad) की जगह टीम इंडिया के पूर्व लेफ्ट आर्म गेंदबाज सुनील जोशी ले चुके हैं। मुख्य चयनकर्ता का पद छोड़ने के बाद एमएसके प्रसाद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी के अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर फैसला लिया जा चुका है।
2019 एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप के बाद से बाहर हैं धोनी
महेंद्र सिंह धोनी ने अपना आखिरी मैच पिछले साल जुलाई में आईसीसी एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप 2019 के दौरान खेला था। विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की हार के बाद से वह मैदान पर नहीं उतरे हैं। अब वह 29 मार्च से आईपीएल में क्रिकेट मैदान पर वापसी करेंगे। इसके बाद सेक लगातार ऐसी खबरें आती रही कि महेंद्र सिंह धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को विराम देने का ऐलान कर सकते हैं, लेकिन न तो वह मैदान पर उतरे और न ही अपने संन्यास को लेकर कुछ कहा।
टीम मैनेजमेंट को फैसला बता चुके हैं धोनी : प्रसाद
नए मुख्य चयनकर्ता का घोषणा होने के बाद एक मीडिया से बातचीत के दौरान अब एमएसके प्रसाद ने यह खुलासा कर दिया है कि महेंद्र सिंह धोनी अपना फैसला चयन समिति और टीम मैनेजमेंट को बता चुके हैं। यह एकदम स्पष्ट है। हालांकि साथ में उन्होंने यह भी कहा कि वह इसका खुलासा नहीं कर सकते, क्योंकि यह गोपनीय है। उन्होंने कहा कि बेहतर यही है कि जो भी उनके, चयन समिति और टीम मैनेजेमेंट के बीच तय हुआ है वह उन्हीं के बीच रहे।
आईपीएल के बाद हो सकती है वापसी
बता दें कि नए केंद्रीय सालाना अनुबंध से भी महेंद्र सिंह धोनी को बाहर कर दिया गया है। इसके बावजूद यह कयास लग रहे हैं कि आईपीएल में अगर धोनी पूरी तरह फिट रहे और उनका प्रदर्शन बेहतर रहा तो वह अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आईसीसी टी-20 विश्व कप में टीम में वापसी कर सकते हैं। इसके संकेत टीम इंडिया के मुख्य कोच रवि शास्त्री, कप्तान विराट कोहली देते रहे हैं। अब नए मुख्य चयनकर्ता सुनील जोशी ने भी दिए हैं।