
Mumbai Indians on Rohit Sharma: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रोहित शर्मा ने आखिरी 2 वनडे मुकाबलों में कमाल की बल्लेबाजी की और साबित किया की उनके बल्ले में ताकत आज भी पहले जैसी है। वह पहली बार ऑस्ट्रेलिया में प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए। वह अपने करियर में पहली बार वनडे के नंबर वन बल्लेबाज बने। इस दौरान मुंबई इंडियंस ने भी उनके लिए बड़ा बयान दिया है। बता दें कि IPL 2025 के बाद ये कयास लगाए जा रहे थे कि वह मुंबई इंडियंस से अलग हो जाएंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी की ओर से उसी को लेकर ये बयाम जारी किया गया है।
2023 में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस की कप्तानी छोड़नी पड़ी थी। 2024 में नए कप्तान के साथ मुंबई की टीम मैदान पर उतरी लेकिन कुछ फायदा नहीं हुआ। उस टीम में रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव जैसे स्टार खिलाड़ी भी थे। फैंस ने इस फैसले का विरोध किया और हार्दिक पंड्या को मैदान पर सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया। आईपीएल 2024 और 2025 में मुंबई इंडियंस के ही साथ खेलते रहे और अब मुंबई इंडियंस ने 2026 आईपीएल से पहले क्रिकेट की गलियारों में उनके ट्रेड की अफवाहों पर ब्रेक लगा दिया है।
बता दें कि रोहित शर्मा को केकेआर में जाने की अफवाह चल रही थी। रोहित शर्मा के करीबी अभिषेक नायर को केकेआर का कोच बना दिया गया है। जब से अभिषेक नायर के केकेआर से जुड़ने की चर्चा शुरू हुई थी, तब से ये अफवाह भी उड़ने लगी थी कि रोहित शर्मा भी केकेआर जा सकते हैं।
गुरुवार को मुंबई इंडियंस ने एक पोस्ट किया और बताया की सूरज कल फिर उगेगा, लेकिन (K) नाइट… मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है।' जिससे साफ हो गया कि रोहित शर्मा केकेआर नहीं जाएंगे। MI ने शाहरुख खान के एक मशहूर डायलॉग का सहारा लेते हुए यह कहने की कोशिश की है कि नाइट राइडर्स में जाना रोहित शर्मा के लिए मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है।