क्रिकेट

‘कोहली या रोहित को ना कहकर देखो… देश के लिए दुश्‍मनी ले रहे हैं गौतम गंभीर’, हटाने पर अफरा-तफरी मचने की चेतावनी

Munaf Patel on Gautam Gambhir: पूर्व दिग्‍गज मुनाफ पटेल ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर गौतम गंभीर को हेड कोच पद से हटाया गया तो अफरा-तफरी का माहौल बन सकता है। ऐसा करने पर खिलाड़ियों को संभालना मुश्किल हो जाएगा।

2 min read
Apr 15, 2026
पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और हेड कोच गौतम गंभीर (फोटो- IANS)

Munaf Patel on Gautam Gambhir: भारतीय क्रिकेट टीम का हेड कोच होना शायद दुनिया के क्रिकेट में सबसे मुश्किल कामों में से एक है। फिर भी मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर अपनी साफगोई और बिना किसी समझौते वाले रवैये की वजह से एक अनोखी हस्ती के तौर पर उभरे हैं। रिपोर्ट आ रही है कि गंभीर ने बीसीसीआई (BCCI) से अपने कार्यकाल को 2028 के टी20 वर्ल्ड कप (ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड) तक बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल उनका कॉन्ट्रैक्ट साल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप तक ही सीमित है। इसी बीच कुछ ऐसी भी खबरें आ रही हैं कि बोर्ड उन्‍हें हटा सकता है, जिस पर पूर्व दिग्‍गज मुनाफ पटेल की ओर से बेहद तीखी प्रतिक्रिया आई है।

'गंभीर को हटाया तो खिलाड़ियों को संभालना मुश्किल हो जाएगा'

टीओआई से बातचीत में भारत के पूर्व क्रिकेटर मुनाफ पटेल ने गंभीर का जोरदार समर्थन किया और चेतावनी दी कि उन्हें हटाने से अफरा-तफरी मच सकती है। उन्होंने कहा कि गंभीर शायद ड्रेसिंग रूम में एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं, जो सच को सच कहने की हिम्मत रखते हैं। अगर किसी बड़े से बड़े खिलाड़ी का प्रदर्शन गिरता है, तो उसे टीम से बाहर करने का भी उनमें साहस है।

बस यह याद रखना, अगर गौतम गंभीर जैसे हेड कोच को हटा दिया जाता है, तो खिलाड़ियों को संभालना बहुत मुश्किल हो जाएगा। वह एक सच्चे इंसान हैं, वह सच को सच कहते हैं और बहुत से लोगों को यह पसंद नहीं आता। हर कोई जानता है कि अगर चीजें पटरी से उतर जाती हैं, तो उनमें उस खिलाड़ी को टीम से बाहर करने की हिम्मत है।

'कोहली या रोहित को ना कहकर देखो'

ऑस्ट्रेलिया के खराब दौरे के बाद रोहित और कोहली दोनों ने अपने टेस्ट करियर पर विराम लगा दिया, तो दोनों और गंभीर के बीच तनाव की खबरें सामने आईं। 2025 में वनडे सेटअप में भी अशांति की बातें सामने आईं, जब इस फॉर्मेट में उनकी वापसी के समय गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने 2027 वर्ल्ड कप की योजनाओं में उनकी जगह की पुष्टि करने से परहेज किया।

मुनाफ ने कहा कि खिलाड़ियों को संभालना सबसे जरूरी चीज है और यह आसान नहीं है। विराट कोहली जैसे किसी खिलाड़ी को ना कहकर देखो। रोहित शर्मा को ना कहकर देखो। मुझे बताओ, देश को कोचिंग देने के लिए गौतम गंभीर कितने लोगों को अपना दुश्मन बना रहे हैं? इन सब बातों के बावजूद, गंभीर ने एक व्हाइट-बॉल कोच के तौर पर शानदार काम किया है, और भारत को 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 T20 वर्ल्ड कप में खिताब दिलाए हैं।

Also Read
View All