क्रिकेट

BANvsZIM: 421 गेंदों का सामना कर मुश्फिकुर रहीम ने खड़ा किया रनों का पहाड़, ध्वस्त हुआ वर्ल्ड रिकॉर्ड

बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले में बांग्लादेश मजबूत स्थिति में है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2018, 4:08 PM IST
mushfiqur rahim
BANvsZIM: 421 गेंदों का सामना कर मुश्फिकुर रहीम ने खड़ा किया रनों का पहाड़, ध्वस्त हुआ वर्ल्ड रिकॉर्ड

नई दिल्ली। बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के बीच ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट मुकाबले में बांग्लादेश ने पहली पारी में मुश्तफिकर रहीम के नाबाद दोहरे शतक की मदद से 7 विकेट के नुक्सान पर 522 रन बनाकर पारी घोषित की। इस दोहरे शतक की मदद से मैच के दूसरे दिन बांग्लादेश तो मजबूत स्थिति में पहुंच ही गया साथ ही रहीम ने नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। बांग्लादेश दो मैचों की टेस्ट सीरीज में पहला मैच गंवा चुका है और अब वह दूसरे मुकाबले को जीतकर सीरीज का अंत बराबरी पर करना चाहेगा।


रहीम का दोहरा शतक-
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बांग्लादेश ने मात्र 26 रन पर शुरूआती 3 विकेट गंवा दिए । इसके बाद फर्स्ट डाउन बल्लेबाजी करने उतरे मोमिनुल हक और थर्ड डाउन पर उतरे मुश्फिकुर रहीम ने मिलकर 266 रनों की साझेदारी की। 292 के स्कोर पर बांग्लादेश ने मोमिनुल(161) के रूप में चौथा विकेट खोया। इसके बाद रहीम को महमुदुल्लाह(36) और मेहदी हसन(नाबाद 68) का साथ मिला। 7 विकेट के नुक्सान पर 522 रन बनाकर जब बांग्लादेश ने पारी घोषित की तब रहीम 219 रन बनाकर नाबाद खेल रहे थे। रहीम ने 421 गेंदों का सामना किया जिसमे उन्होंने 18 चौके और 1 सिक्स लगाया।

रहीम का वर्ल्ड रिकॉर्ड-
मुश्फिकुर रहीम दुनिया के पहले ऐसे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में दो दोहरे शतक लगाए हों। इससे पहले विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में 2013 में दोहरा शतक लगाया था। रहीम इस टेस्ट मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में खेल रहे थे। इससे पहले 7 विकेटकीपर बल्लेबाज दोहरा शतक लगाने में कामयाब रहे हैं, लेकिन वह दूसरी बार ऐसा करने में नाकामयाब रहे हैं। श्रीलंका के कुमार संगकारा के नाम 11 दोहरे टेस्ट शतक हैं, लेकिन विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में वह केवल 1 दोहरा शतक लगा पाए हैं।

Published on: