Mustafizur Rahman row: BCB चीफ अमीनुल इस्लाम बुलबुल का कहना कि हमें भारत में T20 वर्ल्ड कप मैच खेलने को लेकर अपनी चिंताओं पर ICC के जवाब का इंतजार है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मैचों को किसी दूसरे भारतीय शहर में शिफ्ट करने से समस्या हल नहीं होगी।
Mustafizur Rahman row: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) चीफ अमीनुल इस्लाम बुलबुल का कहना कि हमें अभी भी भारत में वेन्यू पर T20 वर्ल्ड कप मैच खेलने को लेकर अपनी चिंताओं पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के जवाब का इंतजार है। इसके साथ ही उन्होंने दोहराया कि इस मुद्दे पर बांग्लादेश का रुख नहीं बदला है। बांग्लादेश ने 7 फरवरी से शुरू होने वाले इस मेगा इवेंट के लिए भारत का दौरा करने में अपनी अनिच्छा जताई है और सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अनुरोध किया है कि उनके मैच सह-मेजबान श्रीलंका में शिफ्ट कर दिए जाएं।
बीसीबी ने ये मांग तब की जब उसके तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के निर्देशों पर आईपीएल (IPL) फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बिना कारण बताए रिलीज कर दिया। यह सब बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों की खबरों के बीच हुआ।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने कहा कि हमें अभी तक आईसीसी से कोई जवाब नहीं मिला है। हमने अपनी चिंता के सभी अटैचमेंट और सबूत भेज दिए हैं। उन्होंने कहा कि बीसीबी ने अपना रुख साफ तौर पर बता दिया है और कहा कि मैचों को किसी दूसरे भारतीय शहर में शिफ्ट करने से समस्या हल नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि आखिरकार कोई भी वैकल्पिक भारतीय वेन्यू एक भारतीय वेन्यू ही है। आप सभी जानते हैं कि कोई भी एकतरफा फैसला नहीं लिया जा सकता है और हमें सरकार के आदेश का पालन करना होगा। हम वहीं खड़े हैं, जहां हम कुछ दिन पहले थे। बुलबुल ने कहा कि बोर्ड अगला कदम उठाने से पहले आईसीसी के जवाब का इंतजार करेगा।
उन्होंने कहा कि जब तक आईसीसी अपना जवाब नहीं भेजता, मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता कि अगर हमें श्रीलंका में खेलने की इजाजत नहीं मिली तो हम क्या करेंगे? बांग्लादेश को कोलकाता में तीन ग्रुप मैच और मुंबई में एक मैच खेलना है। बुलबुल ने कहा कि उन्हें उन रिपोर्टों के बारे में पता नहीं है, जिनमें हैदराबाद और चेन्नई को संभावित वैकल्पिक वेन्यू बताया गया है। हमें शायद सोमवार या मंगलवार को पता चल सकता है।
टीम पर भरोसा जताते हुए बुलबुल ने कहा कि मेरा मानना है कि बांग्लादेश वर्ल्ड क्रिकेट में एक बड़ी टीम है। हमने 2015 वनडे वर्ल्ड कप का क्वार्टर फाइनल खेला है, हमने चैंपियंस ट्रॉफी का सेमीफाइनल खेला है और उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में हमारे पास अच्छा प्रदर्शन करने का अच्छा मौका है।
वहीं, पूर्व कप्तान तमीम इकबाल से जुड़े हालिया विवाद पर बुलबुल ने कहा कि बीसीबी के एक डायरेक्टर का तमीम को "इंडियन एजेंट" कहना उनकी निजी राय थी और उन्होंने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। तमीम ने बहुत कुछ हासिल किया है और उन्हें सार्वजनिक रूप से अपनी राय रखते समय इस बात को ध्यान में रखना चाहिए था।