क्रिकेट

Ind vs SL: भारत ने श्रीलंका को दूसरा टेस्ट एक पारी, 239 रनों से हरा सीरीज में 1-0 से बढ़त ली

भारत ने श्रीलंका को एक पारी और 239 रनों से हराया, कप्तान कोहली को 213 रनों की शानदार पारी के लिए मैन ऑफ़ डा मैच चुना गया।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2017, 1:33 PM IST
Nagpur Test: India beat Srilanka by innings and 239 runs

नागपुर। अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने विदर्भ क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन श्रीलंका को दूसरे सत्र की समाप्ति से पहले ही एक पारी और 239 रनों से हरा दिया। श्रीलंका की दूसरी पारी 166 रनों पर ही सिमट गई। 213 रनों की शानदार पारी के लिए कोहली को मैन ऑफ़ डा मैच चुना गया। इस जीत के साथ ही भारत ने तीन टेस्ट मैचों की इस सीरीज में 1-0 से बढ़त ले ली है। उल्लेखनीय है कि दोनों टीमों के बीच कोलकाता में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ हुआ था।

अश्विन ने झटके चार विकेट
भारत ने सोमवार को पहली पारी की समाप्ति तक श्रीलंका के आठ बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया था। उसे जीत के लिए केवल दो विकेट लेने थे। उमेश यादव ने एक छोर पर टीम की पारी को संभाले खड़े कप्तान दिनेश चंडीमल (61) को रविचंद्रन अश्विन के हाथों कैच आउट कर मेजबान टीम का नौंवा विकेट गिराया। इसके बाद, अश्विन ने लाहिरु गमागे को बोल्ड कर श्रीलंका की पारी 166 रनों पर समेट दी और इस कारण मेजबान टीम एक पारी और 239 रनों से हार गई। सुरंगा लकमल 31 रनों पर नाबाद रहे। इस पारी में भारत के लिए अश्विन ने सबसे अधिक चार विकेट लिए, वहीं उमेश को तीन और रवींद्र जडेजा तथा इशांत शर्मा को दो-दो सफलता मिली।

गेंदबाजों ने किया कमाल
श्रीलंका की टीम को इस कदर कमजोर करने में रवींद्र जडेजा, इशांत शर्मा, रविचंद्रन अश्विन और उमेश यादव ने अहम भूमिका निभाई। जडेजा ने 34 के कुलयोग पर दिमुथ करुणारत्ने (18) को मुरली विजय के हाथों कैच आउट कर श्रीलंका को दिन का पहला झटका दिया। इसके बाद टीम के खाते में 14 रन ही जुड़ पाए थे कि लाहिरु थिरामन्ने (23) उमेश यादव की गेंद पर जडेजा के हाथों कैच आउट हो गए। एंजेलो मैथ्यूज (10) ने कप्तान दिनेश चंडीमल के साथ 20 रन जोड़े, लेकिन वह ज्यादा देर तक पिच पर टिक नहीं पाए और जडेजा की गेंद पर रोहित शर्मा को कैच थमा बैठे।

नहीं मिला चंडीमल को साथ
एक छोर पर श्रीलंका की पारी को संभाले चंडीमल को टीम के बाकी खिलाड़ियों का साथ नहीं मिला। मैथ्यूज के आउट होने के बाद कप्तान का साथ देने आए निरोशन डिकवेला (4) को इशांत ने कप्तान विराट कोहली के हाथों कैच आउट करवाया। इसके बाद अश्विन ने दासुन शनाका (17) को भी ज्यादा देर तक चंडीमल के साथ पिच पर टिकने नहीं दिया और लोकेश राहुल के हाथों कैच आउट कर टीम का छठा विकेट भी गिराया। शनाका जब आउट हुए तब टीम का स्कोर 102 था। अश्विन ने शनाका के आउट होने के बाद दिलरुवान परेरा और रंगना हैराथ को खाता खोलने का मौका भी नहीं दिया और पवेलियन का रास्ता दिखाया। उमेश यादव ने एक छोर पर टीम की पारी को संभाले खड़े कप्तान दिनेश चंडीमल (61) को रविचंद्रन अश्विन के हाथों कैच आउट कर मेजबान टीम का नौंवा विकेट गिराया। इसके बाद, अश्विन ने लाहिरु गमागे को बोल्ड कर श्रीलंका की पारी 166 रनों पर समेट दी।

Published on: