
नागपुर। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विदर्भ क्रिकेट संघ स्टेडियम पर जारी दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन सोमवार को भोजनकाल तक श्रीलंका को बैकफुट पर धकेल दिया है। पहले सत्र की समाप्ति तक 145 रनों के स्कोर पर अपने आठ विकेट गंवा चुकी श्रीलंका की टीम 260 रन पीछे है।
भारत ने बनाये 610 रन
भारतीय टीम ने रविवार को अपनी पहली पारी 610 रनों पर ही घोषित कर दी थी। ऐसे में श्रीलंका पर अब पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है। भारत इस टेस्ट मैच में जीत के बेहद करीब है और उसे अब मेहमान टीम के केवल दो विकेट गिराने हैं।अपने तीसरे दिन के स्कोर एक विकेट पर 21 रनों से आगे खेलने उतरी श्रीलंका के बल्लेबाजों को चौथे दिन भारतीय गेंदबाजों ने पिच पर पैर जमाने का मौैका ही नहीं दिया।
गेंदबाजों ने किया कमाल
श्रीलंका की टीम को इस कदर कमजोर करने में रवींद्र जडेजा, इशांत शर्मा, रविचंद्रन अश्विन और उमेश यादव ने अहम भूमिका निभाई। जडेजा ने 34 के कुलयोग पर दिमुथ करुणारत्ने (18) को मुरली विजय के हाथों कैच आउट कर श्रीलंका को दिन का पहला झटका दिया। इसके बाद टीम के खाते में 14 रन ही जुड़ पाए थे कि लाहिरु थिरामन्ने (23) उमेश यादव की गेंद पर जडेजा के हाथों कैच आउट हो गए। एंजेलो मैथ्यूज (10) ने कप्तान दिनेश चंडीमल (नाबाद 53) के साथ 20 रन जोड़े, लेकिन वह ज्यादा देर तक पिच पर टिक नहीं पाए और जडेजा की गेंद पर रोहित शर्मा को कैच थमा बैठे।
चंडीमल का अर्धशतक
एक छोर पर श्रीलंका की पारी को संभाले चंडीमल को टीम के बाकी खिलाड़ियों का साथ नहीं मिला। मैथ्यूज के आउट होने के बाद कप्तान का साथ देने आए निरोशन डिकवेला (4) को इशांत ने कप्तान विराट कोहली के हाथों कैच आउट करवाया। इसके बाद अश्विन ने दासुन शनाका (17) को भी ज्यादा देर तक चंडीमल के साथ पिच पर टिकने नहीं दिया और लोकेश राहुल के हाथों कैच आउट कर टीम का छठा विकेट भी गिराया। शनाका जब आउट हुए तब टीम का स्कोर 102 था। अश्विन ने शनाका के आउट होने के बाद दिलरुवान परेरा और रंगना हैराथ को खाता खोलने का मौका भी नहीं दिया और पवेलियन का रास्ता दिखाया। सुरंगा लकमाल (नाबाद 19) और चंडीमल ने इसके बाद किसी तरह बिना कोई और विकेट गंवाए टीम का स्कोर भोजनकाल तक 145 के स्कोर तक पहुंचाया। दोनों के बीच 38 रनों की साझेदारी हो चुकी है। भारत के लिए अश्विन ने तीन विकेट लिए हैं, जबकि इशांत, जडेजा को दो-दो और उमेश को एक सफलता मिली है।
Updated on:
27 Nov 2017, 12:31 PM IST
Published on:
26 Nov 2017, 12:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.