क्रिकेट

Nashra Sandhu Best Bowling: विराट कोहली के ब्रांड के जूते पहनकर उतरीं नशरा संधू, 7 रन देकर झटके 6 विकेट

Nashra Sandhu Bowling: नशरा संधू ने हांगकांग के खिलाफ 7 रन देकर 6 विकेट चटकाकर इतिहास रच दिया। पाकिस्तान ने 72 रन से जीत दर्ज कर महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बनाई।
2 min read
Sep 08, 2026
Nashra Sandhu latest update.
पाकिस्तान की महिला क्रिकेटर नशरा संधू साथी खिलाड़ियों के साथ। (Photo- IANS)

Nashra Sandhu: पाकिस्तान ने हांगकांग को 72 रन से हराकर महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इस मुकाबले में नशरा संधू ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में मात्र 7 रन देकर 6 विकेट चटकाए। यह न सिर्फ उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है, बल्कि पाकिस्तान महिला टी-20 क्रिकेट टीम की ओर से किसी भी खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी है।

नशरा संधू ने भले ही अपनी करिश्माई गेंदबाजी से हांगकांग के बल्लेबाजों को धराशायी कर दिया हो, लेकिन उनकी गेंदबाजी के अलावा सोशल मीडिया पर उनके जूतों की भी काफी चर्चा हो रही है। दरअसल, नशरा संधू इस मैच में स्टार भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली के ब्रांड 'वन-8' (One8) के जूते पहनकर खेलती नजर आईं। 'वन-8' दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली का ब्रांड है। विराट कोहली के अलावा भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना भी 'वन-8' की ब्रांड एम्बेसडर हैं।

नशरा संधू का करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

पाकिस्तानी खिलाड़ी नशरा संधू ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में पहली बार 5 या उससे अधिक विकेट चटकाए हैं। उन्होंने हांगकांग के खिलाफ अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 7 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। इसके साथ ही वह पुरुष या महिला, किसी भी वर्ग में टी-20 अंतरराष्ट्रीय में छह विकेट लेने वाली पहली पाकिस्तानी गेंदबाज बन गई हैं।

नशरा संधू के ये आंकड़े पाकिस्तान की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी हैं। उन्होंने सुफियान मुकीम के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा, जिन्होंने बुलावायो में जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 रन देकर 5 विकेट लिए थे।

पूरे स्पेल में नहीं फेंकी एक भी वाइड या नो-बॉल

नशरा संधू की अनुशासित गेंदबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपने 4 ओवर यानी 24 गेंदों के स्पेल में 18 डॉट बॉल डालीं। उन्होंने अपने पूरे स्पेल में एक भी वाइड या नो-बॉल नहीं फेंकी। उनके इस करिश्माई प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

71 रनों पर ढेर हुई हांगकांग की टीम

नशरा संधू की घातक गेंदबाजी का आलम यह था कि हांगकांग की पूरी टीम 19 ओवरों में मात्र 71 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह पाकिस्तान ने 72 रनों की बड़ी जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इससे पहले पाकिस्तान ने अपने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाए थे।

Updated on:
08 Sept 2026 06:05 pm
Published on:
08 Sept 2026 06:02 pm