
पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच वहाब रियाज। (Screen Grab- X/@ahtashamriaz22)
Pakistan Fan Request To Wahab Riaz: पाकिस्तान ने सोमवार को दुबई में हांगकांग को 72 रनों से हराकर महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। इस जीत के बाद पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के कोच वहाब रियाज ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मौजूद पाकिस्तानी प्रशंसकों से बातचीत की और टीम को सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद दिया। हालांकि, इस दौरान एक पाकिस्तानी प्रशंसक ने वहाब रियाज से खास गुजारिश की, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
वायरल वीडियो के मुताबिक, एक पाकिस्तानी प्रशंसक ने वहाब रियाज से भारत को हराने की गुजारिश की। फैन ने कहा, 'वहाब साहब, इंडिया पर कोशिश करें। वहाब भाई, इंडिया को हराना है हमें। हमें एशिया कप ट्रॉफी नहीं चाहिए, इंडिया को हमने हराना है। इंडिया नहीं छोड़ना।' हालांकि, इस दौरान पाकिस्तानी कोच ने फैन को कुछ समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह अपनी बात दोहराता रहा तो वह वहां से आगे बढ़ गए।
महिला एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीमें एक बार आमने-सामने आ चुकी हैं। 5 सितंबर 2026 को खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान को 18.1 ओवर में 55 रन पर समेटने के बाद भारत ने यह मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया था। भारत ने 8.4 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 57 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया था।
हालांकि, सोमवार को हांगकांग पर जीत के बाद पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका सामना श्रीलंकाई महिला क्रिकेट टीम से होगा। यदि पाकिस्तान सेमीफाइनल में श्रीलंका को हराने में कामयाब रहता है और भारत भी अपने सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर लेता है, तो दोनों महिला क्रिकेट टीमें फाइनल मुकाबले में आमने-सामने हो सकती हैं। बता दें कि महिला एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम का हालिया प्रदर्शन अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहा है। वहीं, अब ग्रुप-बी की टेबल टॉपर और डिफेंडिंग चैंपियन श्रीलंका शानदार लय में नजर आ रही है। श्रीलंका ने टूर्नामेंट में अब तक तीन मैच खेले हैं और सभी में जीत दर्ज की है। ऐसे में यदि पाकिस्तानी महिला क्रिकेट टीम श्रीलंका पर जीत दर्ज करने में विफल रहती है, तो उसकी फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी। बता दें कि ग्रुप-ए में शामिल पाकिस्तान की टीम ने अब तक कुल 3 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उसे 2 मैचों में जीत मिली है, जबकि भारत के खिलाफ मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा था।
Updated on:
08 Sept 2026 02:18 pm
Published on:
08 Sept 2026 02:18 pm
