
पाकिस्तान क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)
Pakistan Women vs Hong Kong Women Highlights: पाकिस्तान ने सोमवार को वूमेंस एशिया कप 2026 के 11वें मुकाबले में हांगकांग को 72 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 143 रन बनाए। 144 रन के लक्ष्य के जवाब में हांगकांग की टीम 71 रन पर ही ढेर हो गई। ये हांगाकांक की तीसरी हार है तो पाकिस्तान 3 में से 2 मैच जीतकर अगले दौर में पहुंचने में सफल रहा।
पाकिस्तान के लिए नाशरा संधू ने 4 ओवर में 7 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। वह पाकिस्तान के लिए किसी एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 'विकेटों का छक्का' लगाने वाली पहली महिला बन गई हैं। अब पाकिस्तान की टीम 11 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ 'सेमीफाइनल-2' खेलेगी, जबकि 10 सितंबर को 'सेमीफाइनल-1' में भारत का सामना बांग्लादेश या यूएई से होगा। दूसरे सेमीफाइनल से ही पाकिस्तान का सफर समाप्त हो सकता है। श्रीलंका इस टूर्नामेंट की डिफेंडिंग चैंपियन है और पाकिस्तान का हालिया प्रदर्शन कुछ खास नहीं है। पाक टीम भारत के खिलाफ 55 रन पर ही ढेर हो गई थी। ऐसे में पाकिस्तान का सफर सेमीफाइनल से आगे बढ़ता हुआ नजर नहीं आ रहा है।
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने निर्धारित ओवर में 8 विकेट खोकर 143 रन बनाए। शवाल जुल्फिकार ने मुनीबा अली के साथ पहले विकेट के लिए 17 गेंदों में 23 रन की साझेदारी की। मुनीबा 6 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद जुल्फिकार ने गुल फिरोजा (3) के साथ 10 रन और आयशा जफर के साथ तीसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 47 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 80 के स्कोर तक पहुंचाया। पाकिस्तान को जुल्फिकार के रूप में चौथा झटका लगा, जो 35 गेंदों में 6 चौकों के साथ 47 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद टीम ने तेजी से विकेट गंवाए। आलम ये रहा कि महज 101 के स्कोर तक 6 विकेट गिर गए थे।
यहां से कप्तान फातिमा सना ने पाकिस्तान को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। इस दौरान तुबा हसन (14) के साथ सातवें विकेट के लिए 26 रन जुटाए। फातिमा 24 गेंदों में 2 छक्कों के साथ 24 रन बनाकर आउट हुईं। विपक्षी खेमे से जॉयलीन कौर ने 4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि इकरा सहर और कैरी चान ने 2-2 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में हांगकांग 19 ओवर में सिर्फ 71 रन पर सिमट गई। टीम को 1.1 ओवर में शुरुआती 2 झटके लग गए थे। उस समय तक टीम के खाते में सिर्फ 1 ही रन जुड़ सका था। इसके बाद कैरी चान (30) ने यास्मीन दासवानी (13) के साथ तीसरे विकेट के लिए 44 गेंदों में 31 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया।
हांगकांग ने 55 के स्कोर तक अपने 9 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद रुचिता वेंकटेश (9) ने जॉयलीन कौर (10) के साथ अंतिम जोड़ी के रूप में 16 रन जुटाए, लेकिन टीम के लिए हार के अंतर को कम नहीं कर सकीं। पाकिस्तान के लिए नाशरा संधू ने 7 रन देकर 6 विकेट निकाले, जबकि फातिमा सना, सादिया इकबाल, उम्म-ए-हानी और आयशा जफर ने 1-1 विकेट हासिल किया।
Updated on:
08 Sept 2026 07:36 am
Published on:
08 Sept 2026 07:36 am
